गोगरी/महेशखूंट. थाना क्षेत्र में रामनवमी पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. सामाजिक सद्भाव और शांतिपूर्ण माहौल बनाये रखने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च किया. सर्किल इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार व थानाध्यक्ष परशुराम सिंह के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला. मार्च थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों और प्रमुख बाजार से होकर गुजरा. पुलिस ने लोगों से शांति पूर्वक रामनवमी पर्व मनाने की अपील की. थानाध्यक्ष ने बाजार क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर आम नागरिकों से आग्रह किया कि वे रामनवमी का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं. उन्होंने कहा कि बिना लाइसेंस के किसी भी प्रकार का जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी. साथ ही लोगों को चेतावनी दी गयी कि किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी से बचें और नशा मुक्त होकर त्योहार का आनंद लें. उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान प्रशासन का सहयोग करना सभी की जिम्मेदारी है, ताकि क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनी रहे. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस की सक्रिय मौजूदगी ने यह संदेश दिया कि प्रशासन किसी भी तरह की अव्यवस्था को लेकर पूरी तरह सजग और तैयार है. इधर, महेशखूंट थानाध्यक्ष के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया. क्षेत्र के बाजार, गांव व मुहल्ले में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला.
रामनवमी को लेकर पुलिस अलर्ट, फ्लैग मार्च कर शांतिपूर्वक पर्व मनाने की अपील
रामनवमी को लेकर पुलिस अलर्ट, फ्लैग मार्च कर शांतिपूर्वक पर्व मनाने की अपील
