बेलदौर के सरकारी पोखर में जहरीला पदार्थ डालने का आरोप, लाखों की मछलियां मरीं, स्कूल में फैली दुर्गंध

खगड़िया के बेलदौर में एक सरकारी पोखर में असामाजिक तत्वों द्वारा कथित तौर पर जहरीला पदार्थ मिलाने से हड़कंप मच गया है. इस घटना में लाखों रुपये की मछलियां मर गईं, जिससे मत्स्यपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

Khagaria Fish Poisoning: बेलदौर (खगड़िया). नगर पंचायत स्थित आदर्श मध्य विद्यालय के दक्षिण बने सरकारी पोखर में मछलियों की अचानक मौत से इलाके में हड़कंप मच गया. मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्यों का आरोप है कि असामाजिक तत्वों ने पोखर में जहरीला पदार्थ डाल दिया, जिससे बड़ी संख्या में मछलियां मर गयी. घटना से मत्स्यपालकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.

लाखों रुपये की मछलियों के मरने का दावा

जानकारी के अनुसार सरकारी पोखर में मत्स्यजीवी सहयोग समिति की ओर से व्यावसायिक स्तर पर मछली पालन किया जा रहा था. समिति के सदस्यों का कहना है कि जहरीला पदार्थ डालने के कारण लाखों रुपये मूल्य की मछलियां मर गईं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है.

दुर्गंध से स्कूल की पढ़ाई प्रभावित

मृत मछलियों के सड़ने से उठ रही दुर्गंध पूरे विद्यालय परिसर में फैल गई है. आदर्श मध्य विद्यालय के छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने बताया कि बदबू के कारण कक्षाओं में बैठकर पढ़ाई करना मुश्किल हो गया है. लंबे समय तक परिसर में रहने से स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बनी हुई है.

ग्रामीणों में आक्रोश, जांच की मांग

घटना के बाद स्थानीय लोगों और मत्स्यजीवी सहयोग समिति के सदस्यों में आक्रोश है. उनका आरोप है कि यह किसी असामाजिक तत्व की साजिश हो सकती है. उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.

पोखर की सफाई और पानी की जांच की मांग

Khagaria Fish Poisoning: ग्रामीणों ने प्रशासन से मृत मछलियों को तत्काल हटाने, पोखर की सफाई कराने तथा पानी की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो दुर्गंध और प्रदूषण से आसपास के लोगों तथा स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >