खगड़िया : पॉक्सो एक्ट के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित के घर पर परबत्ता पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की. यह कार्रवाई रविवार को थाना क्षेत्र के नयागांव राजपूत टोला निवासी मनी यादव उर्फ मनोज यादव के पुत्र आयुष कुमार के घर की गई.
पुलिस ने विधि-सम्मत प्रक्रिया का पालन करते हुए घर में मौजूद सामानों की सूची तैयार की और सुरक्षा व्यवस्था के बीच कुर्की-जब्ती की कार्रवाई पूरी की. कार्रवाई के दौरान स्थानीय लोगों की भीड़ भी मौके पर जुटी रही.
अपर थानाध्यक्ष सुमंत कुमार ने बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है.
वहीं थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कहा कि पॉक्सो जैसे गंभीर मामलों में पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है. उन्होंने बताया कि फरार आरोपित को शीघ्र गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा. साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से बचने का प्रयास करने वाले किसी भी आरोपित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी.
खगड़िया की खबर पढ़ने के लिये क्लिक करें
