PM SHRI स्कूलों की दिव्यांग छात्राओं को हर माह ₹2,000 छात्रवृत्ति, 1 जुलाई से शुरू हुई भुगतान प्रक्रिया

PM SHRI Disabled Girl Scholarship: खगड़िया जिले के पीएमश्री विद्यालयों में पढ़ने वाली पात्र दिव्यांग छात्राओं को केंद्र सरकार की योजना के तहत प्रतिमाह ₹2,000 छात्रवृत्ति मिलेगी. भुगतान प्रक्रिया 1 जुलाई से 30 अगस्त 2026 तक पूरी की जाएगी.

गोगरी (खगड़िया) से धीरज सिंह की रिपोर्ट:

PM SHRI Disabled Girl Scholarship: अनुमंडल क्षेत्र सहित खगड़िया जिले के पीएमश्री (PM SHRI) विद्यालयों में अध्ययनरत दिव्यांग बालिकाओं के लिए राहत भरी खबर है. केंद्र प्रायोजित छात्रवृत्ति योजना के तहत अब पात्र छात्राओं को प्रतिमाह ₹2,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी. वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए विभाग ने योजना के क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है. लाभ की राशि सीधे छात्राओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी.

एक जुलाई से 30 अगस्त तक चलेगी भुगतान प्रक्रिया

शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार 1 जुलाई से 30 अगस्त 2026 के बीच छात्रवृत्ति भुगतान की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इसके लिए सभी पीएमश्री विद्यालयों को पात्र छात्राओं का सत्यापन कर सूची जिला कार्यालय को भेजने का निर्देश दिया गया है.

हर पात्र दिव्यांग छात्रा को मिलेगा ₹2,000 प्रतिमाह

योजना के तहत पीएमश्री विद्यालयों में अध्ययनरत सभी श्रेणी की पात्र दिव्यांग बालिकाओं को प्रतिमाह ₹2,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी. यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खाते में डीबीटी (DBT) के माध्यम से भेजी जाएगी, ताकि छात्राएं अपनी पढ़ाई और शैक्षणिक आवश्यकताओं को आसानी से पूरा कर सकें.

इन शर्तों को पूरा करना होगा जरूरी

छात्रवृत्ति का लाभ प्राप्त करने के लिए छात्राओं को निर्धारित पात्रता पूरी करनी होगी.

  1. विद्यालय में नियमित नामांकन होना चाहिए.
  2. कम से कम 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता का वैध प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है.
  3. विद्यालय में नियमित उपस्थिति दर्ज होनी चाहिए.
  4. सत्यापन के बाद ही अंतिम सूची जिला कार्यालय भेजी जाएगी.

स्पर्श मॉड्यूल से होगी भुगतान प्रक्रिया

विद्यालयों से प्राप्त लाभार्थियों की सूची को स्पर्श मॉड्यूल के माध्यम से समेकित किया जाएगा. इसके बाद जिला स्तर से भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर छात्रवृत्ति की राशि एकमुश्त लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी.

दिव्यांग जन कल्याण समिति ने जताया स्वागत

दिव्यांग जन कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष पवन कुमार पासवान एवं जिला सचिव दिलीप पासवान ने केंद्र सरकार की इस पहल का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि यह योजना दिव्यांग बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनके परिवारों पर आर्थिक बोझ भी कम करेगी. इससे छात्राओं की विद्यालयों में नियमित उपस्थिति और पढ़ाई के प्रति रुचि भी बढ़ेगी.

क्या बोले समग्र शिक्षा के डीपीओ

समग्र शिक्षा के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (डीपीओ) शिवम ने बताया कि पीएमश्री विद्यालयों में अध्ययनरत सभी पात्र दिव्यांग छात्राओं का सत्यापन कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि विद्यालयों से लाभार्थियों की सूची मांगी गई है और निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी पात्र छात्राओं के बैंक खातों में छात्रवृत्ति की राशि भेजने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि कोई भी योग्य छात्रा योजना के लाभ से वंचित न रहे.

और पढ़ें: गंगा के बढ़ते जलस्तर से अगुवानी घाट पर तेज हुआ कटाव, किसानों और श्रद्धालुओं की बढ़ी चिंता

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >