प्रेम प्रसंग में युवक की गोली मारकर हत्या, घर से कुछ दूर पीछे से बदमाशों ने बरसाईं गोलियां

बिहार के पसराहा में प्रेम प्रसंग के कारण 23 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है, इलाके में सनसनी फैली.

Khagaria Murder News: पसराहा थाना क्षेत्र के महद्दीपुर-बंदेहरा इलाके में बुधवार की शाम गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गयी. हरिवंश नारायण इंटर विद्यालय महद्दीपुर बंदेहरा के समीप अज्ञात बदमाशों ने घर लौट रहे एक 23 वर्षीय युवक की पीछे से ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गयी.

मृतक की पहचान बंदेहरा वार्ड नंबर छह निवासी विलास सिंह के 23 वर्षीय पुत्र प्रेम कुमार के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है. हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और गोली चलाने वाले बदमाशों की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है.

प्रेम कुमार बुधवार की शाम अपने चचेरे भाई कृष्णा कुमार के साथ महद्दीपुर बाजार से घर लौट रहे थे. दोनों अभी घर से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि पीछे से अचानक गोलियां चलने लगीं. हमले में प्रेम कुमार की पीठ में गोली लग गयी.

घर से कुछ दूर ही पीछे से शुरू हो गयी फायरिंग

प्रेम कुमार के साथ मौजूद उनके चचेरे भाई कृष्णा कुमार ने पुलिस को बताया कि दोनों बाजार से अपने घर बंदेहरा जा रहे थे. घर से कुछ दूरी पहले ही पीछे से अचानक अज्ञात लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.

अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनकर दोनों ने बचने के लिए छिपने का प्रयास किया. इसी दौरान एक गोली प्रेम कुमार की पीठ में जा लगी. गोली लगते ही प्रेम कुमार चित्कार करने लगे.

फायरिंग और शोर-शराबे की आवाज सुनकर आसपास के लोग सक्रिय हुए. इसी बीच गोली चलाने वाले बदमाश मौके से फरार हो गये. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टर ने मृत घोषित किया

गोली लगने के बाद प्रेम कुमार को बचाने के लिए परिजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल गोगरी लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सक डॉ. विजय ने जांच के बाद प्रेम कुमार को मृत घोषित कर दिया.

युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भीड़ जुट गयी. कुछ ही देर में माहौल मातम में बदल गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल था.

घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी चंदन कुमार ठाकुर और गोगरी पुलिस अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने घटना की जानकारी पसराहा पुलिस को भी दी.

प्रेम प्रसंग की चर्चा, पुलिस खंगाल रही हत्या की वजह

युवक की हत्या को लेकर इलाके में प्रेम प्रसंग की चर्चा है. हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस कई पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि प्रेम कुमार को निशाना बनाने की वजह क्या थी और घटना में कितने लोग शामिल थे. साथ ही बदमाशों ने युवक का पीछा कहां से किया और घटना के बाद किस रास्ते से फरार हुए, इसकी भी जानकारी जुटायी जा रही है.

घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में छानबीन शुरू कर दी है. आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी ली जा रही है, ताकि गोली चलाने वालों तक पहुंचा जा सके.

Khagaria Murder News: परिवार में मचा कोहराम, पुलिस के सामने बदमाशों तक पहुंचने की चुनौती

प्रेम कुमार की मौत की सूचना घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. जिस युवक के साथ परिवार ने भविष्य के सपने देखे थे, उसकी अचानक गोली मारकर हत्या ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.

स्थानीय लोगों के बीच भी घटना को लेकर आक्रोश और भय का माहौल है. घर से कुछ दूरी पर युवक की गोली मारकर हत्या किये जाने के बाद इलाके के लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंतित हैं.

फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने और आरोपियों की पहचान करना है. पसराहा पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में जांच कर रही है. अब पुलिस की जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि प्रेम प्रसंग ही हत्या की वजह था या इसके पीछे कोई दूसरा विवाद भी जुड़ा हुआ है.

Also Read: बिहार में बाढ़ ने रोकी बिहार के बच्चों की पढ़ाई, कहीं स्कूल डूबे तो कहीं रास्ते बने बाधा

Also Read: बिहार में बाढ़ से 40 लाख से ज्यादा लोग खतरे में, 14 जिलों में स्थिति गंभीर, उफान पर नदियां

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >