बेलदौर. थाना क्षेत्र के दिघौन गांव में हुई सीपथ हत्याकांड के नामजद आरोपित मृतका के पति व ससुर ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया. घटना के दो माह बाद पुलिस के बढ़ती दबिश के कारण हत्यारोपितों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया. पुलिस हत्यारोपितों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है. और हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है. बताया जाता है कि बीते 18 मार्च को थाना क्षेत्र के दिघोन पंचायत के वार्ड 12 मेहतावासा निवासी मो तालीम की पत्नी सीपथ खातून की हत्या कर उसका शव दंदरोजा गांव से पश्चिम विशु बाबा स्थान के समीप पुलिया के नीचे फेंक दिया गया था. उक्त मामले में मृतका के पिता चौढली गांव निवासी के आवेदन पर पुलिस ने सीपथ खातून के पति, ससुर समेत उसके ससुराल के अन्य लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी थी. घटना के करीब दो माह बाद हत्यारोपित मृतका सीपथ खातून के पति मो तालिब व उसके पिता मो शमशाद ने शनिवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था. इसके बाद पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के लिए दोनों को कोर्ट से रिमांड पर लिया और थाना लाया. दोनों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस की पूछताछ में सीपथ खातून के पति मो तालीम ने बताया कि उसकी पत्नी की हत्या कर किसी ने हम लोगों को फंसाया है. पुलिस सभी बिंदुओं पर गहन पड़ताल कर गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है.
सीपथ हत्याकांड में आरोपित पति व ससुर ने किया आत्मसमर्पण
पुलिस हत्यारोपितों को रिमांड पर लेकर कर रही पूछताछ
