मेधावी छात्र-छात्राओं को किया सम्मानित, बन्देहरा की संगीता कुमारी को मिली साइकिल

पठन-पाठन सामग्री के रूप में किताब, कॉपी और कलम भी भेंट की गई.

पसराहा. मैट्रिक परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है. इसी कड़ी में रविवार को परबत्ता प्रखंड के बन्देहरा स्थित एम एचिभर क्लासेज”” में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिला टॉप टेन में अपनी जगह बनाने वाली मेधावी छात्रा संगीता कुमारी सहित अन्य सफल विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना था. बिहार बोर्ड की मैट्रिक परीक्षा में 468 अंक प्राप्त कर जिले की वरीयता सूची (टॉप टेन) में स्थान पक्का करने वाली संगीता कुमारी (पिता- गुरुचरण कुमार) को संस्थान की ओर से विशेष रूप से सम्मानित किया गया. संगीता की इस शानदार उपलब्धि पर एकेडमी के शिक्षकों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और प्रोत्साहन स्वरूप उन्हें एक साइकिल उपहार में दी. इसके साथ ही उन्हें पठन-पाठन सामग्री के रूप में किताब, कॉपी और कलम भी भेंट की गई. संगीता कुमारी के अलावा बेहतर अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं अस्मिता कुमारी, प्रशांत कुमार और कोमल प्रिया को भी उनकी कड़ी मेहनत और सफलता के लिए सम्मानित किया गया. समारोह को संबोधित करते हुए एकेडमी के प्राचार्य गोविंद कुमार अभिनव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं अब किसी से कम नहीं हैं. उन्होंने छात्र-छात्राओं को प्रेरित करते हुए बताया कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही सफलता की असली कुंजी है. उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे अपनी इस सफलता को आधार बनाकर भविष्य में उच्च लक्ष्यों को प्राप्त करने का प्रयास करें. इस गौरवशाली अवसर पर नीतीश कुमार, रजनीश कुमार, सुजीत कुमार, सुनील कुमार, अंकुश कुमार, दीप कुमार, रामू कुमार, कुणाल कुमार, मनोहर कुमार, लालू कुमार और गुरु चरण कुमार सहित दर्जनों छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे. सभी ने सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >