बेलदौर, खगड़िया से अमित सिंह की रिपोर्ट.
Khagaria Snake Bite News: रोहियामा गांव के एक बगीचे में शनिवार को बच्चों की किलकारियां गूंज रही थीं. 10 वर्षीय विशाल कुमार भी अपने साथियों के साथ खेल में मग्न था. किसी को अंदाजा नहीं था कि खेल-खेल में एक जहरीला सांप उसके इतने करीब पहुंच जाएगा. कुछ ही पलों में सांप ने बच्चे को डस लिया. शुरुआत में किसी को घटना की जानकारी नहीं हुई, लेकिन थोड़ी देर बाद जब बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी, तो परिवार में हड़कंप मच गया.
घटना बेलदौर थाना क्षेत्र के रोहियामा गांव की है. सर्पदंश का शिकार हुए बालक की पहचान गांव निवासी शत्रुघ्न शर्मा के 10 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार के रूप में हुई है. परिजनों ने आनन-फानन में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेलदौर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत उसका इलाज शुरू किया.
आखिर कैसे हुआ हादसा?
ग्रामीणों के अनुसार, विशाल गांव के एक बगीचे में खेल रहा था. इसी दौरान झाड़ियों के बीच छिपे एक विषैले सांप ने उसके बाएं हाथ में डस लिया. खेल में व्यस्त होने के कारण शुरुआत में बच्चे और उसके साथियों को इस खतरे का एहसास नहीं हुआ.
लेकिन कुछ समय बाद विशाल की तबीयत बिगड़ने लगी. बच्चे की हालत खराब होते देख परिजनों को घटना की जानकारी मिली और वे तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
समय पर इलाज से बची जान
सीएचसी बेलदौर में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अभिनव विशाल ने बताया कि बालक को विषैले सर्प ने बाएं हाथ की उंगली में काटा था. अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों की टीम ने उसका प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया.
समय पर इलाज मिलने से बच्चे की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ. डॉक्टरों के अनुसार, खतरा टल जाने के बाद बालक को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.
Khagaria Snake Bite News: क्यों जरूरी है सतर्कता?
बरसात के मौसम में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं. खेतों, बगीचों और झाड़ियों के आसपास बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है. विशेषज्ञों का कहना है कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाना चाहिए.
इसे भी पढ़ें: बिहार को मोदी सरकार ने दिया 2900 करोड़ का तोहफा, जानिए कैसे खर्च होगा पैसा और क्या है 50-50 का फॉर्मूला?
