खगड़िया के अगुवानी में जलजमाव से जनजीवन प्रभावित, वार्ड 14 के लोग घरों में कैद

Khagaria news: स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार जलजमाव के कारण कई घरों के बाहर पानी भर गया है. इससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. कई परिवारों को मजबूरन घरों में ही रहना पड़ रहा है. बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.


नाली निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की

खगड़िया से पलटु झा की रिपोर्ट:

Khagaria news: परबत्ता प्रखंड अंतर्गत सियादतपुर अगुवानी पंचायत के कई वार्ड इन दिनों जलजमाव की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं. पंचायत में नाली-गली योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य तो कराया गया, लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है. सबसे अधिक प्रभावित वार्ड संख्या-14 है, जहां सड़क पर करीब दो फीट तक पानी जमा होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि लगातार जलजमाव के कारण कई घरों के बाहर पानी भर गया है. इससे लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. कई परिवारों को मजबूरन घरों में ही रहना पड़ रहा है. बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान भारी अनियमितता बरती गई. नाली-गली योजना के तहत सड़क के साथ नाली निर्माण का भी प्रावधान था, लेकिन कई स्थानों पर नाली का निर्माण नहीं कराया गया. कहीं नालियां अधूरी छोड़ दी गईं तो कहीं जल निकासी का उचित मार्ग नहीं बनाया गया. इसके कारण बारिश का पानी सड़कों और गलियों में जमा होकर लोगों के लिए मुसीबत बन गया है.

ग्रामीणों ने बताया कि जलजमाव के कारण गंदगी और दुर्गंध फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है. लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है. कई स्थानों पर स्थिति इतनी खराब है कि लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों ने पंचायत प्रतिनिधियों और प्रखंड प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. ग्रामीणों ने जल निकासी की तत्काल व्यवस्था कराने और निर्माण कार्य में हुई अनियमितताओं की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है.

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >