खगड़िया से अमित कुमार की रिपोर्ट:
Khagaria news: शहर की साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर और व्यवस्थित बनाने को लेकर सोमवार को कोशी साइंस क्लासेज परिसर में नगर परिषद की बैठक आयोजित की गई. बैठक में नगर सभापति अर्चना कुमारी ने स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों व कर्मियों को जरूरी निर्देश दिए.
बैठक की अध्यक्षता नगर सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा ने की. इसमें नगर परिषद के सभी सुपरवाइजर, स्वच्छता निरीक्षक, स्वच्छता प्रभारी, वार्ड सुपरवाइजर तथा दोनों एनजीओ के प्रतिनिधि और संचालक मौजूद थे.
बैठक में शहर के सभी वार्डों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि कचरा उठाव, नाला सफाई और स्वच्छता से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
नगर सभापति ने कहा कि नगर हित में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी कर्मियों को जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ अपने कार्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया.
उन्होंने शहर के राजेंद्र चौक, स्टेशन रोड, थाना रोड, समाहरणालय रोड, पटेल चौक और मालगोदाम रोड सहित प्रमुख सड़कों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा.
बैठक में कहा गया कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा और साफ-सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी भी की जाएगी. साथ ही नगरवासियों से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग करने की अपील की गई.
