Khagaria Medical College : खगड़िया में प्रस्तावित मेडिकल कॉलेज का निर्माण एक बार फिर बिहार विधानसभा में चर्चा का विषय बना. मानसून सत्र के दूसरे दिन सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने सरकार से मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि सात नदियों से घिरे जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए आज भी दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.
विधानसभा में उठा मेडिकल कॉलेज निर्माण का मुद्दा
मंगलवार को बिहार विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने खगड़िया मेडिकल कॉलेज के निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है और निर्माण के लिए संसारपुर में जमीन भी चिह्नित कर संबंधित विभाग को उपलब्ध करा दी गई है. इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होना चिंता का विषय है.
स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी से जूझ रहा है खगड़िया
विधायक ने कहा कि खगड़िया बिहार के पिछड़े जिलों में शामिल है, जहां उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है. गंभीर बीमारी या सड़क दुर्घटना के मामलों में मरीजों को बेहतर इलाज के लिए पटना, भागलपुर या अन्य बड़े शहरों के अस्पतालों में रेफर करना पड़ता है. इससे मरीजों के साथ उनके परिजनों को भी आर्थिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है.
सात नदियों से घिरे जिले की बढ़ जाती है मुश्किल
बबलू कुमार मंडल ने सदन में जिले की भौगोलिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा कि खगड़िया सात नदियों से घिरा जिला है. दूर-दराज और दियारा क्षेत्रों से मरीजों को पहले सदर अस्पताल तक पहुंचने में ही काफी समय लग जाता है. यदि वहां से भी उन्हें बड़े अस्पताल रेफर कर दिया जाता है, तो स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है. ऐसे में जिले में मेडिकल कॉलेज और आधुनिक अस्पताल की स्थापना अत्यंत आवश्यक है.
आसपास के जिलों को भी मिलेगा लाभ
विधायक ने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से केवल खगड़िया ही नहीं, बल्कि आसपास के कई जिलों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी. साथ ही चिकित्सा शिक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा और फरकिया क्षेत्र नई पहचान हासिल करेगा.
सरकार से जल्द निर्माण शुरू कराने की मांग
विधायक ने सरकार और संबंधित विभाग से आग्रह किया कि स्वीकृत मेडिकल कॉलेज के निर्माण में हो रही अनावश्यक देरी को समाप्त करते हुए संसारपुर में जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए. उनका कहना था कि वर्षों पुरानी इस मांग को अब धरातल पर उतारने का समय आ गया है.
