– प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में लिया गया संकल्प खगड़िया. सदर विधायक सह उच्च विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष बबलू कुमार मंडल ने शनिवार को जनता इंटर विद्यालय मानसी में प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में भाग लिया. बैठक से पहले विधायक ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत संरचना और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय के विकास को लेकर कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. बैठक को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि जनता इंटर विद्यालय की शिक्षा के क्षेत्र में एक अलग पहचान है, जिसे और सशक्त बनाने की आवश्यकता है. उन्होंने कहा कि हाल ही में मानसी की दो बेटियों ने बिहार टॉपर बनकर इस क्षेत्र का नाम रोशन किया है. यह यहां के छात्रों में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और विद्यालय के बेहतर शैक्षणिक माहौल का परिणाम है. विधायक ने कहा कि उनका प्रयास है कि जनता इंटर विद्यालय को जिले का रोल मॉडल स्कूल बनाया जाए. इसके लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस क्लासरूम, समृद्ध लाइब्रेरी और आधुनिक प्रयोगशालाओं का निर्माण कराया जाएगा, ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके. उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता में शामिल है. बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभा देवी, विद्यालय प्रधान सह उच्च विद्यालय प्रबंधन समिति सचिव मेनू कुमारी, अनुसूचित महिला प्रतिनिधि नीलम देवी, भू-दाता मीरा देवी, प्रियेश रौशन, शिक्षा प्रेमी अशोक कुमार विद्यार्थी सहित कुमार प्रभाष महिला कॉलेज के प्रतिनिधि उपस्थित थे. इसके अलावे संजीव कुमार मंडल, सुभाष कुमार यादव, अब्दुल अहद, राजेश आनंद, अभिजीत आनंद, श्रवण कुमार सिंह, सुषमा कुमारी, रवि कुमार, मुरारी कुमार, रिपु रंजन, राजनीति प्रसाद, उपेंद्र प्रसाद सिंह, गोलू सिंह, आयुष सिंह, अशोक कुमार विद्यार्थी आदि मौजूद थे.
मानसी के जनता इंटर विद्यालय को बनाया जायेगा मॉडल स्कूल: विधायक
प्रबंधकारिणी समिति की बैठक में लिया गया संकल्प
