खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड अंतर्गत कुर्बन और फुलवड़िया गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर आयोजित दो दिवसीय भव्य मेला सोमवार को हर्षोल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ प्रतिमा विसर्जन के उपरांत संपन्न हो गया. इस दौरान दोनों गांवों में भक्ति का माहौल छाया रहा.
श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के बाल रूप की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और अपने परिवार व समाज के लिए सुख-शांति तथा समृद्धि की कामना की. विसर्जन जुलूस के दौरान जय कन्हैया लाल की और हाथी घोड़ा पालकी के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा.
किरण म्यूजिकल झांकी ग्रुप की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
मेले के दौरान श्रद्धालुओं और दर्शकों के मनोरंजन के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया था. कुर्बन गांव में चंद्र नाट्य कला परिषद के तत्वावधान में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में किरण म्यूजिकल झांकी ग्रुप के कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया.
कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, माखन चोरी और कालिया नाग दमन पर आधारित जीवंत झांकियों ने विशेष रूप से दर्शकों को आकर्षित किया. कलाकारों के अभिनय और भक्ति गीतों की धुनों पर देर रात तक ग्रामीण झूमते नजर आए.
मुखिया और सरपंच ने संयुक्त रूप से किया मंच का उद्घाटन
सांस्कृतिक कार्यक्रम के दूसरे दिन का विधिवत उद्घाटन कुर्बन पंचायत के मुखिया रजनीकांत राहुल और सरपंच संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर किया.
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों और वक्ताओं ने कहा कि ऐसे धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजनों से समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सामाजिक सद्भाव की डोर मजबूत होती है. इसके साथ ही नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को करीब से जानने व उनसे जुड़ने का अवसर मिलता है.
शांति और सौहार्द के बीच संपन्न हुआ दो दिवसीय मेला
मेले के दौरान दोनों गांवों में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर स्थानीय ग्रामीण और जनप्रतिनिधि पूरी तरह मुस्तैद रहे. भारी भीड़ के बावजूद किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने दी गई.
स्थानीय युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों ने पूरे दो दिनों तक मेले के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई. शांतिपूर्ण ढंग से प्रतिमा विसर्जन संपन्न कराने में ग्रामीणों के सहयोग की प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर सराहना की जा रही है.
