पति की मौत के पांच घंटे बाद पत्नी ने भी तोड़ा दम, एक साथ उठी बुजुर्ग दंपती की अर्थी

बिहार के गोंगी गांव में एक बुजुर्ग दंपती ने मौत में भी साथ नहीं छोड़ा। पति की मौत के 5 घंटे बाद पत्नी ने भी दम तोड़ दिया, एक साथ उठी दोनों की अर्थी।

बेलदौर (खगड़िया) : प्रखंड के महिनाथनगर पंचायत के गोंगी गांव में मंगलवार की रात बेहद मार्मिक घटना सामने आयी. जीवन भर एक-दूसरे का साथ निभाने वाले बुजुर्ग दंपती ने मौत में भी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा. पति की मौत के महज पांच घंटे बाद ही पत्नी ने भी दम तोड़ दिया. एक ही रात कुछ घंटे के अंतराल पर पति-पत्नी की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी.

सहरसा ले जाने के दौरान रास्ते में हुई पति की मौत

जानकारी के अनुसार, गोंगी गांव निवासी 85 वर्षीय मंगल यादव की मंगलवार रात करीब आठ बजे अचानक तबीयत बिगड़ गयी. परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए सहरसा ले जा रहे थे. इसी दौरान मनौरी चौक के समीप रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी. इसके बाद परिजन शव लेकर घर लौटे और अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गये.

इसी बीच देर रात करीब एक बजे मंगल यादव की 80 वर्षीया पत्नी बेदाना देवी की भी अचानक तबीयत बिगड़ गयी. परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया. पति की मौत के महज पांच घंटे बाद पत्नी की मौत की खबर सुनकर ग्रामीण भी स्तब्ध रह गये.

मुंगेर गंगा घाट पर एक साथ हुआ अंतिम संस्कार

मृत दंपती के पुत्र मिथिलेश यादव ने बताया कि बुधवार देर शाम माता-पिता दोनों का अंतिम संस्कार मुंगेर स्थित गंगा घाट पर एक साथ किया गया. पति-पत्नी की एक साथ अर्थी उठने की खबर फैलते ही गोंगी गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचने लगे. लोगों ने मृत दंपती के अंतिम दर्शन कर शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी.

जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को बंधाया ढांढस

घटना की जानकारी मिलने पर महिनाथनगर पंचायत के मुखिया दिनेश यादव, पूर्व मुखिया शिवशंकर यादव, राजद नेता पप्पू यादव, अंगद यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग गोंगी गांव पहुंचे. सभी ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >