खगड़िया: बेलदौर में 5 सूत्री मांगों को लेकर 13वें दिन भी जारी रहा हवन-यज्ञ, जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से आक्रोश

खगड़िया जिले के बेलदौर में 13 दिनों से 5 सूत्री मांगों को लेकर जारी जनसंकल्प हवन-यज्ञ ने ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ा दिया है. बाईपास सड़क, स्थायी बस पड़ाव और कवर वाले तारों जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीण प्रदर्शन कर रहे हैं. जनप्रतिनिधियों की चुप्पी ने आंदोलन को और तेज कर दिया है.

खगड़िया जिले के नगर पंचायत बेलदौर स्थित श्रीपुर बजरंगबली मंदिर परिसर में अपनी पांच सूत्री मांगों को लेकर स्थानीय लोगों और समाजसेवियों द्वारा किया जा रहा जनसंकल्प हवन-यज्ञ गुरुवार को 13वें दिन भी अनवरत जारी रहा. जनहित के इस आंदोलन के 13 दिन बीत जाने के बावजूद प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा अब तक कोई ठोस पहल नहीं किए जाने से ग्रामीणों और आंदोलनकारियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं, उनका यह शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा.

बाईपास सड़क और कवर वाले तारों सहित 5 सूत्री मांगें शामिल

आंदोलनकारियों द्वारा रखी गई पांच सूत्री मांगों में मुख्य रूप से बेलदौर बाजार को आए दिन लगने वाले भीषण जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए एक बाईपास सड़क का निर्माण शामिल है. इसके साथ ही, बेलदौर प्रखंड मुख्यालय से जिला मुख्यालय खगड़िया तक सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए नगर पंचायत में एक स्थायी बस पड़ाव का निर्माण करने की मांग की गई है. सड़क किनारे दुकान लगाने वाले फुटकर दुकानदारों की सुविधा के लिए स्थायी हाट स्थल का निर्माण और बेलदौर बाजार के मुख्य मार्ग से गुजरने वाले 11 हजार वोल्ट के खतरनाक नंगे विद्युत तारों पर कवर (इंसुलेशन) लगाने की भी पुरजोर मांग उठाई गई है.

बस पड़ाव और स्थायी हाट के अभाव में बढ़ रही रोजमर्रा की परेशानी

हवन-यज्ञ में बैठे ग्रामीणों और फुटकर दुकानदारों ने अपनी व्यथा साझा करते हुए बताया कि स्थायी बस पड़ाव और हाट स्थल नहीं होने के कारण यात्रियों, दुकानदारों और आम जनता को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. यात्रियों को सड़क किनारे बसों का इंतजार करना पड़ता है, वहीं फुटकर दुकानदारों को अतिक्रमण के नाम पर अक्सर हटाया जाता है. इसके अतिरिक्त, मुख्य बाजार में लगने वाला जाम भी लोगों के लिए एक गंभीर समस्या बनी हुई है. आंदोलनकारियों का स्पष्ट कहना है कि इन बुनियादी समस्याओं का स्थायी समाधान अब बेहद जरूरी हो गया है, जिसके बिना आम जनजीवन सुचारू रूप से चलना संभव नहीं है.

सांसद और विधायक के पहुंचने तक जारी रहेगा शांतिपूर्ण आंदोलन

हवन-यज्ञ में मुख्य रूप से शामिल मिथलेश कुमार मिट्ठू, ओमप्रकाश क्रांति, अर्जुन शर्मा, आजाद कुमार और ललन कुमार सहित दर्जनों स्थानीय दुकानदारों ने स्पष्ट किया कि उनका यह आंदोलन पूरी तरह से लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण है. उन्होंने कहा कि इस जनसंकल्प यज्ञ का मुख्य उद्देश्य किसी विशेष व्यक्ति या संस्था का विरोध करना नहीं है, बल्कि क्षेत्र की इन ज्वलंत समस्याओं की ओर सत्ता पक्ष का ध्यान आकृष्ट कर उनका समाधान कराना है. वहीं, इस हवन यज्ञ के आयोजक मिथिलेश कुमार उर्फ मिठ्ठू ने दृढ़ता के साथ कहा कि जब तक क्षेत्रीय सांसद और स्थानीय विधायक खुद हवन स्थल पर पहुंचकर मांगों के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल नहीं करते, तब तक यह आंदोलन इसी तरह जारी रहेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >