दो दिन की बारिश में ही झील में तब्दील हुई गोगरी नगर की सड़कें, लोगों में आक्रोश

लगातार दो दिनों की बारिश ने गोगरी नगर परिषद क्षेत्र की सड़कों को तालाब बना दिया है. गंभीर जलजमाव से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है. नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था पर स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए हैं.

खगड़िया : लगातार दो दिनों से हो रही झमाझम बारिश ने गोगरी नगर परिषद क्षेत्र की सड़कों की हालत बद से बदतर कर दी है. शहर के कई मुहल्लों में गंभीर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है.

पोस्ट ऑफिस से बाजार तक सड़कें बनीं तालाब

नगर परिषद क्षेत्र में पोस्ट ऑफिस होते हुए नगर परिषद कार्यालय और गोगरी बाजार तक जाने वाली सड़कें सबसे अधिक प्रभावित हैं. इन इलाकों की सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गई हैं और तालाब जैसी स्थिति बन गई है. जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मामूली बारिश में भी पानी जमा हो रहा है.

जलनिकासी व्यवस्था पर उठे सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर परिषद की ओर से नालों की नियमित सफाई नहीं कराई जाती. कई स्थानों पर नाले जाम पड़े हैं, जबकि जहां नाले बने हैं वहां उनका ड्रेनेज सिस्टम से समुचित जुड़ाव नहीं है. इसके कारण बारिश का पानी सड़कों पर ही जमा हो जाता है.

बच्चों और राहगीरों की बढ़ी परेशानी

बायपास, जमालपुर बाजार, गोगरी बाजार और नगर परिषद कार्यालय के आसपास जलजमाव की स्थिति सबसे अधिक गंभीर है. सड़क पर भरे पानी के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है. महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई बच्चे पानी से होकर स्कूल जाने के दौरान फिसलकर चोटिल भी हो रहे हैं. वहीं जलभराव के कारण वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही है.

स्थायी समाधान की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है. लोगों ने प्रशासन और नगर परिषद से शीघ्र जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है.

यह भी पढ़ें : अगुवानी घाट के समीप उपधारा में डूबे पशुपालक किसान का शव बरामद, गांव में शोक


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >