बाढ़ का पानी उतरा तो बढ़ा बीमारी का खतरा, खगड़िया के बाढ़ प्रभावित इलाकों में ब्लीचिंग का छिड़काव

बाढ़ के बाद खगड़िया में जलजनित बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है. जिला प्रशासन ने स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था कड़ी कर दी है, ब्लीचिंग छिड़काव और मेडिकल कैंप सक्रिय हैं.

खगड़िया : बाढ़ का पानी घटने के साथ अब जलजनित और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ने लगा है. इसे देखते हुए जिला, अनुमंडल और प्रखंड प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी तेज कर दी है. जिलाधिकारी विक्रम वीरकर के निर्देश पर पानी उतरने वाले क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर और कीटाणुनाशक का छिड़काव कराया जा रहा है. वहीं, प्रभावित लोगों के इलाज के लिए मेडिकल कैंप भी सक्रिय रखे गये हैं.

बाढ़ प्रभावित पंचायतों में अधिकारियों ने किया निरीक्षण

व्यवस्था का जायजा लेने के लिए गोगरी डीसीएलआर राजकुमार, बीडीओ रघुनंदन आनंद, सीओ मो. आमिर हुसैन और राजस्व अधिकारी सुजीत कुमार ने बाढ़ प्रभावित बौरना, गोगरी, रामपुर और इटहरी पंचायत के विभिन्न इलाकों का औचक निरीक्षण किया.

अधिकारियों ने बस्तियों, जलजमाव वाले स्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर ब्लीचिंग पाउडर व कीटाणुनाशक के छिड़काव की स्थिति देखी. पानी निकलने वाले इलाकों में प्राथमिकता के आधार पर सघन छिड़काव कराने का निर्देश अधिकारियों और स्वच्छता कर्मियों को दिया गया.

मेडिकल कैंपों में दवाओं के स्टॉक की भी जांच

अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में संचालित मेडिकल कैंपों का भी निरीक्षण किया. इस दौरान चिकित्सकों की मौजूदगी, मरीजों के पंजीकरण और दवाओं के स्टॉक की जानकारी ली गयी.

मेडिकल कैंपों में एंटी-वेनम, ओआरएस, क्लोरीन टैबलेट समेत अन्य जरूरी दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.

पानी घटने के बाद स्वच्छता पर विशेष जोर

बाढ़ के बाद जमा पानी, गंदगी और मच्छरों के प्रकोप से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी और स्वच्छता अभियान चलाने पर जोर दिया जा रहा है.

गोगरी सीओ मो. आमिर हुसैन ने कहा कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रशासन की प्राथमिकता है. प्रभावित इलाकों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी कार्रवाई की जा रही है.

निरीक्षण के दौरान संबंधित बीडीओ, सीओ, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रणवीर कुमार

रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >