गर्भवती महिला की हत्या मामले में पति समेत पांच पर प्राथमिकी
गर्भवती महिला की हत्या मामले में पति समेत पांच पर प्राथमिकी
By RAJKISHORE SINGH | Updated at :
छह माह की गर्भवती थी मृतका शिफत खातून, पिता के आवेदन पर नामजद अभियुक्तों की तलाश जारी
बेलदौर. थाना क्षेत्र के दिघौन पंचायत अंतर्गत मेहता बासा में छह माह की गर्भवती महिला शिफत खातून की हत्या के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है. पुलिस ने मृतका के पिता मो इंसान के आवेदन पर पति मो तालिम समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. दिए गए आवेदन में मो इंसान ने बताया कि बीते बुधवार की अहले सुबह मेहता बासा निवासी मो. शमशाद और मो. तालीम ने अपने परिजनों के साथ मिलकर 27 वर्षीया शिफत खातून की निर्मम हत्या कर दी. साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को दंदरोजा दिघौन प्रधानमंत्री सड़क पर विशु स्थान के समीप बने उच्च स्तरीय पुल के नीचे फेंक दिया गया था. मृतका के पिता, जो चौढली पंचायत के मिन्नत नगर गांव के निवासी हैं, ने दामाद और उसके परिजनों पर साजिश के तहत हत्या का आरोप लगाया है. घटना के संबंध में मो इंसान ने बताया कि जब उन्होंने अपने नाती से पूछताछ की, तो उसने रोंगटे खड़े कर देने वाली सच्चाई बतायी. नाती ने बताया कि मेरी मां को मेरे अब्बा व दादा ने पीट-पीटकर मार डाला. वे मुझे भी मारने वाले थे, लेकिन मैं घर से भाग निकला. इस बयान के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है व ग्रामीण भी आक्रोशित हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए बेलदौर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. थानाध्यक्ष ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस की टीमें विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि हत्याकांड में संलिप्त आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा और मृतका को न्याय दिलाने के लिए पुलिस हरसंभव कानूनी प्रयास करेगी.