खगड़िया. शहर के जननायक कर्पूरी ठाकुर इंटर स्तरीय विद्यालय में मंगलवार को प्रबंधकारिणी समिति की बैठक हुई. विद्यालय प्रबंधकारिणी समिति की अध्यक्षता सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने की. बैठक में विद्यालय के विकास, शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा छात्रों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी. विधायक ने संबोधित करते हुए कहा कि बिहार सरकार लगातार शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं चला रही है. पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विशेष रूप से छात्र-छात्राओं को शिक्षा से जोड़ने के लिए साइकिल योजना, पोशाक योजना, छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, पुस्तक सहायता एवं अन्य कई योजनाओं की शुरुआत की है, ताकि कोई भी बच्चा आर्थिक अभाव के कारण पढ़ाई से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल बच्चों को विद्यालय तक लाना नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर बेहतर नागरिक बनाना है. विधायक ने बच्चों से कहा कि वे पूरी मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई करें और आगे चलकर देश के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर सेवा देकर अपने माता-पिता, गांव और जिले का नाम रोशन करें. कहा कि पढ़ाई के दम पर साधारण परिवारों के बच्चे आज बड़े अधिकारी, डॉक्टर, इंजीनियर और प्रशासक बनकर समाज में नई पहचान बना रहे हैं. बैठक में विद्यालय की प्रभारी प्राचार्य सोनी कुमारी, जदयू नेता दीपक सिन्हा, विनय पटेल सहित कई शिक्षक सहित अभिभावक मौजूद थे.
पढ़ाई से ही बदलता है परिवार और समाज का भविष्य : विधायक
शहर के जननायक कर्पूरी ठाकुर इंटर स्तरीय विद्यालय में मंगलवार को प्रबंधकारिणी समिति की बैठक हुई
