चौथम. बिहार राज्य मध्यान भोजन रसोईया संघ के तत्वाधान में चौथम प्रखंड संसाधन केंद्र स्थित सभा कक्ष में शुक्रवार को क्षेत्रीय रसोईया संघ की एक दिवसीय बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रदेश प्रधान सचिव ऋषि कुमार ने की, जिसमें क्षेत्र के दर्जनों रसोईया एवं रसोईया सहायक शामिल हुए. बैठक में रसोईया संघ की प्रमुख मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई. इनमें मानदेय वृद्धि, रसोईया संघ को डी-ग्रुप का दर्जा देते हुए सरकारी कर्मचारी का दर्जा प्रदान करना, सालाना दो ड्रेस कोड उपलब्ध कराना तथा सेवानिवृत्ति के बाद 5 से 10 हजार रुपये तक पेंशन निर्धारित करने की मांग शामिल रही. इसके अलावा एनजीओ द्वारा रसोईयों को कार्य से हटाए जाने के मुद्दे पर भी कड़ा विरोध जताया गया. संघ के सदस्यों ने हटाए गए रसोईयों को पुनः सेवा में बहाल करने की मांग उठाई. करीब दो घंटे तक चली बैठक में विभिन्न मांगों को लेकर रणनीति बनाई गई. प्रदेश प्रधान सचिव ऋषि कुमार ने कहा कि रसोईयों की सभी जायज मांगों को संघ के माध्यम से सरकार के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और जब तक मांगें पूरी नहीं होतीं, संघर्ष जारी रहेगा. बैठक में क्षेत्रीय संयोजक शंकर कुमार सहित कई रसोईया एवं सहायक मौजूद रहे.
चौथम में रसोईया संघ की बैठक, मानदेय वृद्धि व सरकारी दर्जा की मांग तेज
सेवानिवृत्ति के बाद 5 से 10 हजार रुपये तक पेंशन निर्धारित करने की मांग शामिल रही.
