गोगरी एसडीओ ने किया गैस एजेंसी का निरीक्षण गोगरी. खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव और गैस आपूर्ति प्रभावित होने की चर्चाओं के बीच अनुमंडल क्षेत्र में रसोई गैस को लेकर लोगों की चिंता बढ़ती दिख रही है. अफवाहों के कारण कई उपभोक्ता अतिरिक्त सिलेंडर लेने के लिए एजेंसियों का रुख कर रहे हैं. जिससे कुछ जगहों पर भीड़ की स्थिति बन रही है. मंगलवार को गोगरी एसडीओ संजय कुमार ने अनुमंडल के भारत गैस के अधिकृत विक्रेता दीप गंगा गैस एजेंसी पसराहा स्थित इंडियन गैस एजेंसी के गोदाम का निरीक्षण किया. उन्होंने साफ किया है कि अनुमंडल क्षेत्र में एलपीजी की किसी प्रकार की कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है. अनुमंडल क्षेत्र की गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस उपलब्ध करायी जा रही है. अधिकांश स्थानों पर बुकिंग के बाद होम डिलीवरी भी जारी है. एसडीओ ने बताया कि दीप गंगा गैस एजेंसी में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी गोगरी को तैनात किया गया है, ताकि सप्लाई सामान्य रूप से की जा सके. एजेंसी संचालकों का कहना है कि गोदामों में पर्याप्त मात्रा में सिलेंडर मौजूद हैं और वितरण में किसी तरह की बाधा नहीं है. कुछ क्षेत्र में तकनीकी कारणों से कुछ दिक्कतें आयी हैं, जिन्हें जल्द ही दूर कर लिया जाएगा. उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का भंडारण न करें. अफवाहों के कारण उपभोक्ताओं की संख्या में वृद्धि बताया जा रहा है कि अफवाहों के कारण गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ी है. यहां कई लोग एक साथ बुकिंग कराने और सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं. एजेंसी संचालकों के अनुसार सामान्य प्रक्रिया के तहत उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद समय पर सिलेंडर दिया जा रहा है और होम डिलीवरी की व्यवस्था भी जारी है.
अफवाहों से बढ़ी गैस की मांग, आपूर्ति पूरी तरह सामान्य
गोगरी एसडीओ ने किया गैस एजेंसी का निरीक्षण
