खगड़िया. बिहार दिवस के अवसर पर राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में शैक्षणिक भ्रमण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर मध्य विद्यालय अलौली एवं राज्य संपोषित उच्च विद्यालय अलौली के छात्र-छात्राएं प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों के साथ महाविद्यालय भ्रमण के लिए पहुंचे. कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के आर्ट एंड कल्चरल क्लब द्वारा किया गया. विद्यार्थियों का परिसर में स्वागत किया गया. इसके पश्चात छात्रों को महाविद्यालय के विभिन्न विभागों, अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं, कक्षाओं एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का विस्तृत भ्रमण कराया गया. इस दौरान उन्हें इंजीनियरिंग शिक्षा, नवाचार, तकनीकी परियोजनाओं एवं भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गयी. जिससे छात्रों में उच्च शिक्षा के प्रति उत्साह एवं जिज्ञासा का विकास हुआ. महाविद्यालय के सभागार में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार की गौरवशाली विरासत, इतिहास, संस्कृति एवं उपलब्धियों से संबंधित प्रेरणादायक वीडियो प्रदर्शित किए गए. वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों को बिहार की समृद्ध परंपरा, प्राचीन ज्ञान केंद्रों, महान विभूतियों एवं विकास यात्रा से अवगत कराया गया. इसके अतिरिक्त छात्रों के बीच रोचक प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता एवं अन्य सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया. क्विज में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और बिहार के इतिहास, संस्कृति एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्नों का उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया. विजेता छात्रों को प्रोत्साहित किया गया. महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मणि भूषण ने कहा कि बिहार प्राचीन काल से ही ज्ञान, संस्कृति और शिक्षा का केंद्र रहा है. उन्होंने छात्रों को कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होने का संदेश दिया. कार्यक्रम के समन्वयक प्रोफेसर अभिषेक कुमार एवं विश्वजीत कुमार ने आयोजन का सफल संचालन किया. उन्होंने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को न केवल शैक्षणिक रूप से समृद्ध करते हैं, बल्कि उनमें अपने राज्य के प्रति गर्व और जागरूकता भी उत्पन्न करते हैं. कार्यक्रम के आयोजन में चीफ वॉर्डन डॉ. अमित कुमार सिंह, विभागाध्यक्ष प्रियंका सिन्हा, प्रोफेसर राजेश कुमार रंजन, बैभव विशाल, विजय कुमार सिंह सहित सहकर्मी मनीष कुमार एवं अमन कुमार सिंह ने महत्पूर्ण भूमिका निभाया.
राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में बिहार दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन
महाविद्यालय के आर्ट एंड कल्चरल क्लब द्वारा किया गया. विद्यार्थियों का परिसर में स्वागत किया गया.
