KHAGARIA: घर तोड़कर लूटपाट का आरोप, पीड़ित महिला ने चौथम थाना में लगाई न्याय की गुहार

महिला ने आरोप लगाया है कि भरपुरा गांव निवासी रामवारण सिंह, अमृत रंजन समेत अन्य लोगों ने घर सूना पाकर पिलर तोड़ दिया तथा घर में रखा सामान लूटकर फरार हो गए

चौथम से धीरज सिंह बंटू की रिपोर्ट:

खगड़िया: जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत लगमा गांव में एक महिला के घर को तोड़कर लूटपाट किए जाने का मामला प्रकाश में आया है. पीड़ित महिला ने भरपुरा गांव के कुछ लोगों पर घर ध्वस्त कर सामान लूट लेने का गंभीर आरोप लगाते हुए चौथम थाना में लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है.

मिली जानकारी के अनुसार सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिसौनी गांव निवासी लक्ष्मण मिस्त्री की पत्नी संजू देवी ने बताया कि उनके ससुराल सिसौनी में रहने के लिए जमीन नहीं थी. काफी कठिन परिस्थितियों में उन्होंने उधार और कर्ज लेकर लगमा गांव में एक कठ्ठा जमीन खरीदी थी. महिला का कहना है कि उक्त जमीन का दाखिल-खारिज भी हो चुका है तथा नियमित रूप से सरकारी रसीद भी कट रही है.

पीड़िता ने बताया कि खरीदी गई जमीन पर उन्होंने चारों तरफ बाउंड्री कराकर बीच में पिलर लगाते हुए फूस का घर बनाया था, जहां वह अपने परिवार के साथ रह रही थीं. कुछ दिन पूर्व वह अपने मायके गई हुई थीं. सोमवार को जब वह वापस लगमा लौटीं तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. उनका घर पूरी तरह टूटा हुआ था और घर में रखा सामान गायब था.

महिला ने आरोप लगाया है कि भरपुरा गांव निवासी रामवारण सिंह, अमृत रंजन समेत अन्य लोगों ने घर सूना पाकर पिलर तोड़ दिया तथा घर में रखा सामान लूटकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है.

पीड़ित महिला ने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. इधर चौथम थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि महिला द्वारा दिए गए आवेदन के आलोक में मामले की जांच की जा रही है. जांच के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >