बिहार के विकास में केंद्र का सहयोग : नीतीश कुमार

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है.

खगड़िया. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार के विकास में केंद्र सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार बिहार आये हैं और उनके द्वारा विकास कार्यों का शिलान्यास व शुभारंभ किया गया है. इन पर अब तेजी से काम हो रहा है. जुलाई 2024 के केंद्रीय बजट में बिहार को विशेष आर्थिक सहायता के रूप में सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य, पर्यटन, बाढ़ नियंत्रण के लिए बड़ी राशि देने की घोषणा की गयी. फरवरी 2025 के केंद्रीय बजट में बिहार में मखाना बोर्ड, एयरपोर्ट की स्थापना, पश्चिमी कोसी नहर के लिए वित्तीय सहायता आदि की घोषणा की गयी है. बिहार में भी खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन कराया गया. इन सबके लिए प्रधानमंत्री का नमन करते हैं.

पटना में एजुकेशन सिटी का कराया जाएगा निर्माण

सीएम ने कहा कि केंद्र के पहल से राज्य की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिल रहा है. रोजगार के नये अवसर पैदा होंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना में एजुकेशन सिटी का निर्माण कराया जाएगा. आप सबको मालूम है कि 20 नवंबर, 2025 को राज्य में नयी सरकार के गठन के कुछ ही दिनों बाद हमलोगों ने राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने के लिए सात निश्चय- 3 के कार्यक्रमों को लागू किया है. सात निश्चय -3 के सातवें निश्चय सबका सम्मान – जीवन आसान का मुख्य मकसद राज्य के सभी नागरिकों के दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम कर उनके जीवन को और भी आसान बनाना है.

खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सलेंस की होगी स्थापना

सीएम ने कहा कि पूरा बिहार बहुत बढ जाएगा. सब काम होगा. अच्छा होगा. बिहार देश के विकसित राज्यों में शामिल होगा. खेलों के लिए सेंटर ऑफ एक्सलेंस की स्थापना की जाएगी. 129 पंचायतों में सुधा बिक्री केंद्र खोला जाएगा. देश के टॉप राज्यों में बिहार होगी. सभी केंद्रों में डिग्री कॉलेज, आदर्श विद्यालय खोला जाएगा. औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना कर उद्योग लगाया जाएगा.

एक करोड़ को नौकरी व रोजगार

नीतीश ने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत हर महिला को 10 हजार रुपये दिये गये हैं. जिनका रोजगार अच्छा चलेगा उन्हें दो लाख रुपये तक की सहायता दी जायेगी. अगले पांच वर्षों में युवाओं को एक करोड़ नौकरी एवं रोजगार उपलब्ध कराये जाएंगे. इसके लिए नये युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग का गठन किया गया है. वहीं समृद्ध उद्योग सशक्त बिहार के तहत अगले पांच वर्षों में उद्योग लगाने पर पूरा जोर दिया जायेगा. सभी जिलों में औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना की जायेगी.

2005 से पहले सूबे की हालत थी खराब

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में 2005 से पहले शिक्षा व्यवस्था बदहाल थी. बहुत कम बच्चे पढ़ते थे. इलाज का पूरा इंतजाम नहीं था. सड़कें बहुत कम थीं और जो थीं उनका बुरा हाल था. बिजली की आपूर्ति बहुत कम जगह हो पाती थी. वर्ष 2005 से पहले की सरकार ने कुछ नहीं किया. वर्ष 2005 से पहले राज्य में लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे. समाज में काफी विवाद होता था. 24 नवंबर, 2005 को पहली बार एनडीए सरकार बनी तब से राज्य में कानून का राज है और हम लगातार विकास के काम में लगे हुए हैं.

सीएम के दौरे को लेकर ट्रैफिक प्रबंधन से लेकर मेटल डिटेक्टर तक का रहा सख्त इंतजाम

समृद्धि यात्रा के तहत बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के खगड़िया आगमन को लेकर जिले में सुरक्षा के व्यापक और कड़े इंतजाम किए गए थे. मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग कई दिनों से तैयारियों में जुटा हुआ था. कार्यक्रम स्थल से लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों तक सुरक्षा का कड़ा घेरा बनाया गया था और हर गतिविधि पर पुलिस प्रशासन की पैनी नजर बनी हुई थी. हेली पैड के चारों ओर सुरक्षा का बहुस्तरीय घेरा बनाया गया था और केवल अधिकृत अधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को ही वहां प्रवेश की अनुमति दी गयी थी. हेलीकॉप्टर लैंडिंग से लेकर मुख्यमंत्री के काफिले के कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने तक हर स्तर पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गयी थी.

मेटल डिटेक्टर से जांच के बाद ही दिया गया प्रवेश

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल संसारपुर स्थित मैदान में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गयी थी. यहां जनसभा और कार्यक्रम के लिए एक भव्य पंडाल का निर्माण किया गया था, जिसमें लोगों के प्रवेश के लिए कई गेट बनाए गए थे. सभी प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा जांच की कड़ी व्यवस्था की गयी थी. प्रत्येक गेट पर पुलिसकर्मी तैनात थे और वहां आने वाले लोगों की मेटल डिटेक्टर के माध्यम से जांच की जा रही थी. जांच के बाद ही लोगों को पंडाल के अंदर प्रवेश दिया जा रहा था. सीएम के कार्यक्रम को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया था, ताकि शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न न हो. प्रशासन की ओर से बड़े वाहनों के शहर में प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी गयी थी. भारी वाहनों को शहर के बाहर ही रोक दिया गया था, जिससे मुख्य मार्गों पर यातायात सुचारू रूप से चलता रहे. कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों के लिए अलग से व्यवस्था की गयी थी. कार्यक्रम में आने वाले अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आमलोगों के वाहनों को ही कार्यक्रम स्थल तक जाने की अनुमति दी गयी थी.

एसपी कर रहे थे सुरक्षा की मॉनीटरिंग

सुरक्षा व्यवस्था की मॉनीटरिंग एसपी राकेश कुमार के नेतृत्व में की जा रही थी. वहीं पुलिस अधीक्षक स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले हुए थे. इसके अलावा एसडीएम, डीएसपी सहित कई वरीय अधिकारी लगातार कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते रहे. कार्यक्रम स्थल के अलावा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर भी अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों को लगाया गया था, जो संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJKISHORE SINGH

RAJKISHORE SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >