बेलदौर (खगड़िया). बेलदौर प्रखंड क्षेत्र स्थित बीपी मंडल पुल इन दिनों सोशल मीडिया क्रिएटर्स और युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. कभी अपनी प्राकृतिक खूबसूरती और मनोरम दृश्य के लिए प्रसिद्ध यह पुल अब सेल्फी और इंस्टाग्राम रील बनाने वालों की पहली पसंद बन गया है, लेकिन सोशल मीडिया का यह बढ़ता क्रेज अब लोगों की जान पर भारी पड़ता दिखाई दे रहा है.
बड़ी संख्या में युवक-युवतियां, महिलाएं व डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स पुल पर पहुंचते हैं प्रतिदिन बेलदौर थाना क्षेत्र सहित आसपास के कई प्रखंडों से बड़ी संख्या में युवक-युवतियां, महिलाएं और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स पुल पर पहुंच रहे हैं. बेहतर फोटो और वायरल रील की चाह में लोग सुरक्षा की अनदेखी करते हुए पुल के खतरनाक किनारों और जोखिम भरे स्थानों तक पहुंच जाते हैं. इससे हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है.
पुल से कूदकर आधा दर्जन से अधिक नवविवाहिताओं और किशोरियों ने कर ली है आत्महत्या स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में इस पुल से कूदकर आधा दर्जन से अधिक नवविवाहिताओं और किशोरियों ने आत्महत्या की है. इन दुखद घटनाओं के बावजूद पुल पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए हैं. ऐसे में यह स्थान पर्यटन और सोशल मीडिया आकर्षण के साथ-साथ चिंता का कारण भी बन गया है.
पुल पर सुरक्षा रेलिंग की निगरानी, चेतावनी बोर्ड की मांग स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुल पर सुरक्षा रेलिंग की निगरानी, चेतावनी बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की सख्त जरूरत है. उनका मानना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो रील बनाने की होड़ और लापरवाही के कारण भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं.
पुल पर नियमित गश्ती, सुरक्षा गार्ड की तैनाती की उठाई मांग प्रबुद्ध नागरिकों ने जिला प्रशासन से पुल पर नियमित गश्ती, सुरक्षा गार्ड की तैनाती तथा खतरनाक स्थानों पर आम लोगों की आवाजाही नियंत्रित करने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.
