बेलदौर पुलिस के साथ मारपीट और हाथापाई मामले में पांच नामजद पर प्राथमिकी दर्ज

बेलदौर थाना क्षेत्र में वाहन जांच के दौरान पुलिस पर हमला हुआ, जिसमें हाथापाई और एक सरकारी पिस्तौल छीन ली गई। इस घटना में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है.

खगड़िया : बेलदौर थाना क्षेत्र के कुर्बन कचड़ा भवन तिनमुहानी के समीप वाहन जांच के दौरान पुलिस पर हमला, हाथापाई और सरकारी पिस्तौल छीनने के मामले में पुलिस ने पांच नामजद आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है. मामले में बेलदौर थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार के लिखित आवेदन पर कार्रवाई की गई है.

प्राथमिकी में कुर्बन निवासी अखिलेश कुमार, इंदु देवी, मधेपुरा जिले के चौसा थाना क्षेत्र के एझरी निवासी उषा देवी, गौनु ऋषिदेव तथा महेशखूंट थाना क्षेत्र के शादीपुर पकरैल निवासी इंग्लिश कुमार को नामजद आरोपित बनाया गया है.

वाहन जांच के दौरान हुआ था हमला

पुलिस के अनुसार मंगलवार की शाम करीब 7:30 बजे कुर्बन कचड़ा भवन तिनमुहानी के समीप वरीय अधिकारियों के निर्देश पर वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया. आरोप है कि जांच के दौरान तीनों युवक पुलिस टीम से उलझ गए और पुलिस अवर निरीक्षक राहुल कुमार व सशस्त्र बल के साथ मारपीट करते हुए उनकी सरकारी पिस्तौल और मोबाइल छीनकर फरार हो गए.

गिरफ्तारी के दौरान फिर किया हमला

पुलिस ने छापेमारी कर मुख्य आरोपित अखिलेश कुमार को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया. आरोप है कि थाना लाए जाने के दौरान उसने दोबारा पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीनकर भागने का प्रयास किया और पुलिस पदाधिकारियों पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चला दी. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अखिलेश कुमार के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया.

थानाध्यक्ष ने दी सख्त चेतावनी

बेलदौर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने कहा कि पुलिस पर हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के दायरे में रहकर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी.

और पढ़ें : माधवपुर पंचायत में जलजमाव व कीचड़ से जनजीवन बेहाल, स्कूली बच्चों को आवागमन में परेशानी


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

रणवीर कुमार प्रिंट माध्यम में 13 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. गोगरी (खगड़िया) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >