दहेज प्रताड़ना या पुराना लव अफेयर? खगड़िया में नवविवाहिता की मौत के बाद आमने-सामने आए मायके और ससुराल वाले!

खगड़िया के बेलदौर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद ससुराल और मायके पक्ष आमने-सामने। पुलिस और एफएसएल टीम मामले की जांच में जुटी।

खगड़िया, बेलदौर. नगर पंचायत के वार्ड नंबर 13 स्थित भैंसाडीह गांव में गुरुवार देर शाम एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के बाद ससुराल और मायके पक्ष आमने-सामने आ गये हैं. दोनों पक्षों की ओर से मौत को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं. सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह बेलदौर पुलिस के साथ एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जरूरी साक्ष्य जुटाये. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खगड़िया भेज दिया.

आठ माह पहले हुई थी नवविवाहिता की शादी

मृतका की पहचान भैंसाडीह निवासी रामबिलास चौधरी के पुत्र सोनू कुमार की पत्नी सुशीला कुमारी के रूप में हुई है. मृतका के भाई मधेपुरा जिले के अरार थाना क्षेत्र के सुखासन गांव निवासी गोविंद कुमार के अनुसार करीब आठ माह पहले सुशीला की शादी सोनू कुमार से हुई थी.

मायके पक्ष ने दहेज प्रताड़ना का लगाया आरोप

गोविंद कुमार ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही सुशीला की सौतेली सास रीना देवी दहेज की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी. भाई का आरोप है कि इसी प्रताड़ना से परेशान होकर सुशीला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.

हालांकि पुलिस के अनुसार अभी तक मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं दी गयी है. ऐसे में आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

ग्रामीणों ने प्रेम प्रसंग को लेकर किया अलग दावा

इधर, कुछ ग्रामीणों ने सुशीला के शादी से पहले एक युवक के साथ कथित प्रेम संबंध होने का दावा किया है. ग्रामीणों के अनुसार शादी के दिन भी उक्त युवक विवाह स्थल पर पहुंचा था और वहां हंगामा हुआ था.

ग्रामीणों का यह भी दावा है कि शादी के बाद सुशीला के उक्त युवक के संपर्क में रहने की बात सामने आती रही थी. पति सोनू इसका विरोध करता था. ग्रामीणों के मुताबिक घटना के समय सोनू दूसरे राज्य में मजदूरी कर रहा था और मोबाइल पर दोनों के बीच विवाद हुआ था. इसके बाद गुस्से में सुशीला द्वारा फांसी लगाने की बात कही जा रही है. हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

एफएसएल टीम ने घटनास्थल से जुटाये साक्ष्य

घटना की सूचना मिलने के बाद शुक्रवार सुबह बेलदौर पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाये और उनका विश्लेषण किया. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी मौत की वजह

थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है. घटनास्थल से एफएसएल टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाये हैं. उन्होंने बताया कि फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलने के बाद मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >