232 छात्र-छात्राओं को खिलायी गयी फाइलेरिया रोधी दवा
थाना क्षेत्र स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, महद्दीपुर में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत शिविर लगाकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया.
By RAJKISHORE SINGH | Updated at :
फाइलेरिया उन्मूलन को ले पॉलिटेक्निक कॉलेज में लगाया गया शिविर
पसराहा. थाना क्षेत्र स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, महद्दीपुर में फाइलेरिया उन्मूलन अभियान के तहत शिविर लगाकर एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक प्राचार्य अजीत कुमार ने किया. शिविर में अब तक कुल 232 छात्र-छात्राओं को फाइलेरिया रोधी दवा खिलायी गयी है. इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम से बीएचएम नितेश अभिजात, फार्मासिस्ट अंकुर कुमार, पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम लीड करण कुमार, वीबीडीएस अरुण कुमार, श्रवण कुमार, पीओसीडी सोनाली झा, आशा फैसिलिटेटर मनोरमा देवी एवं स्थानीय आशा कार्यकर्ता सक्रिय रूप से उपस्थित रहे. फाइलेरिया, जिसे सामान्य भाषा में ”हाथीपांव” भी कहा जाता है. मच्छरों के काटने से फैलने वाली एक गंभीर संक्रामक बीमारी है. यह व्यक्ति को शारीरिक रूप से दिव्यांग बनाने के साथ-साथ मानसिक और सामाजिक कष्ट भी देती है. एक बार यह बीमारी होने पर इसका पूर्ण उपचार अत्यंत कठिन होता है. इसलिए ”सामूहिक दवा सेवन” के माध्यम से इसकी रोकथाम ही एकमात्र कारगर उपाय है. सरकार द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य समाज को इस लाइलाज बीमारी से सुरक्षित रखना है, ताकि आने वाली पीढ़ी स्वास्थ्य और स्वावलंबन के साथ अपना जीवन जी सके.