मतदान को लेकर युवा मतदाताओं में दिखा उत्साह बदलाव को लेकर मतदाताओं के चेहरे पर दिखी खुशी
खगड़िया : सोमवार का दिन. आसमान पूरी तरह साफ था. सड़क पर सभी दुकानें बंद दिखी. दिखी तो बस अर्धसैनिक बल. इससे पहले की मौसम अपना मिजाज बदले लोग अपने घरों से मतदान के लिये निकलने लगे.
सिर पर चढ़ते धूप को देख लोग अपने साथ छाता व पानी की बोतलें ले जाते दिखे. कोई अपने निजी वाहन से तो कोई पांव पैदल ही निकल पड़ा मतदान करने. मतदान को लेकर जिले के मतदाताओं में गजब का उत्साह दिखा,
जो थमने का नाम लिये बिना परवान चढ़ते जा रहा था. मतदान के दिन सोमवार सुबह से ही बूथों पर लोगों की लंबी कतार लगी रही. धूप की तपिश जैसे-जैसे बढ़ती गयी वैसे ही मतदाताओं की भीड़ भी बढ़ती गयी.
मतदाताओं में सबसे पहले वोट करने की ललक महिलाओं में दिख रही थी. सेठ साहूकार भी धैर्य के साथ लाइन में खड़े दिखे. लेकिन वहीं पहली बार मतदान करने वाले युवा व युवतियों का उत्साह देखने लायक था.
इनके चेहरों पर बदलाव को लेकर खुशी साफ झलक रही थी. जिन मतदान केंद्रों पर टेंट की सुविधा नहीं थी, वहां के मतदाता थोड़े नाराज दिखे, जबकि महिलाएं धूप की चिंता किये बगैर छाता के सहारे लंबी कतार में खड़ी थी. मतदान करने के लिये पहुंचे लोगों में जिनके पास मतदाता परची नहीं थी, वो मतदान करने को लेकर चिंतित दिखे. वैसे मतदाता इधर से उधर अपने मतदान परची के लिए भटकते नजर आये. वहीं मतदान करने आये अरविंद कुमार उर्फ पप्पू वर्मा से पूछने पर उन्होंने जवाब दिया कि बदलाव जरूरी है. पहली बार मतदान करने आयी प्रियंका कहती हैं कि उनसे एक मत से समाज के साथ-साथ राज्य का स्वरूप बदल सकता है. देश से भ्रष्टाचार मिट सकता है.
