खगड़िया : बिहार की जनता कांग्रेस, राजद एवं जदयू की सरकार से पूछे की 70 साल में बिहार के लिए आपने क्या किया है. उक्त बातें शुक्रवार को लोजपा संसदीय दल के नेता सांसद चिराग पासवान ने कहीं.
सांसद चिराग अलौली विधानसभा क्षेत्र के एनडीए समर्थित लोजपा प्रत्याशी पशुपति कुमार पारस के समर्थन में जलकौड़ा गांव के खेल मैदान में सभा को संबोधित कर रहे थे.
उन्होंने पूछा कि बिहार कब तक पिछड़ा रहेगा. बिहार में परिवर्तन जरूरी है, क्योंकि बिहार की जनता को विकास चाहिए. बिहार के लगभग 6.50 करोड़ युवाओं में लगभग एक करोड़ युवा पढ़ लिख कर रोजगार पाने के लिए बिहार से पलायन होने को मजबूर हैं. केंद्र सरकार इस पलायन को रोकना चाहती है.
युवाओं को सरकारी एवं स्व रोजगार से जोड़ने के लिए संकल्पित है. उन्होंने पटना में हुई एक फौजी की मौत, परबत्ता मामला तथा शिक्षकों के ऊपर लाठी बरसाये जाने जैसे सवाल भी उठाये. कहा कि नीतीश कुमार एवं लालू का गठबंधन हुआ, लेकिन यह गंठबंधन ज्यादा दिन तक नहीं चलने वाला है.
विधानसभा चुनाव की मतगणना के बाद बालू की भीत की तरह यह ढह जायेगा. उन्होंने कहा कि मैं अपने चाचा अलौली के लोजपा प्रत्याशी पशुपति कुमार पारस के समर्थन में तथा विकास के मुद्दे पर चर्चा करने आया हूं.
उन्होंने कहा कि मैं आपके घर का बेटा एवं पोता तथा भाई हूं. आप उन्हें ही मतदान करें, जो आपके दुख-सुख तथा क्षेत्र के विकास के लिए विधानसभा से लेकर लोकसभा तक आवाज उठा सकें. संबोधन के पूर्व उन्हें 45 किलो के फूल की माला से स्वागत किया गया.
अंत में उन्होंने कहा कि अलौली विधानसभा क्षेत्र के जलकौड़ा, चंदपुरा, गंगौर, रानी सकरपुरा, सोनिहार, सुंगठिया समेत दर्जनों पंचायतों के लोगों का स्नेह और प्यार सदैव मिलता आया है. अध्यक्षता पवन कुमार चौरसिया ने की. मौके पर प्रत्याशी पशुपति कुमार पारस, रंजीत सिंह, डॉ निषाद, रंजीत कुमार, रामानंद यादव, मो वली उल्लाह, तारीक सुल्तान आदि मौजूद थे.
