अक्तूबर से शारदीय नवरात्र शुरू
अष्टमी एवं नवमी 21 अक्तूबर को
सिद्धपीठ चतुभुर्जी दुर्गा बिशौनी एवं नयागांव के मंदिर में व्यापक तैयारियां
खगड़िया : शारदीय नवरात्र प्रारंभ होने में कुछ ही दिन शेष बचे हुए हैं. घर-घर में इसकी तैयारियां जोरों पर हैं. मां दुर्गा के आगमन को लेकर भक्त जनों में उत्साह है.
कलाकार मां दुर्गा की प्रतिमा को अंतिम रूप देने में लगे हुए हैं. सिद्धि पीठ चतुभुर्जी दुर्गा बिशौनी एवं नयागांव में व्यापक तैयारियां की जा रही है. दुर्गा मंदिरों में रंग रौनक का कार्य युद्ध स्तर से चल रहा है.
नवरात्र करने वाले व्रतधारी पूजन सामग्री की खरीदारी में जुटे हैं. परबत्ता प्रखंड के बिशौनी गांव स्थित सिद्धि पीठ चतुभुर्जी दुर्गा मंदिर में शारदीय नवरात्र के मौके पर लगातार 25 वर्षों से मां की सेवा करते आ रहे खजरैठा निवासी डाॅ प्राण मोहन कुंवर बताते हैं कि इस वर्ष शारदीय नवरात्र भक्त जनों के लिए फलदायी है.
मां दुर्गा सब की मुरादें पूरी करेंगी. 13 अक्तूबर को 11: 37 बजे के बाद मां दुर्गा के आह्वान के साथ अभिजित नक्षत्र में कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त है,
जो फलदायी सिद्ध होगा. मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा अभिजित नक्षत्र, स्वाति नक्षत्र, विशाखा नक्षत्र , अनुराधा नक्षत्र, ज्यैठा नक्षत्र, मूल नक्षत्र, पूर्वा, उत्तरा शार नक्षत्र एवं श्रवण नक्षत्र में सम्पन्न होगी. 21 अक्तूबर बुधवार को अष्टमी एवं नवमी एक ही दिन है. बुधवार को ही महाअष्टमी व्रत, कुंवारी कन्या पूजन की जायेगी तथा 22 अक्तूबर को विजयादशमी है.
