खगड़िया में प्रसाद खाने से 165 से अधिक लोग बीमार, बच्चों को उल्टी-दस्त, सदर अस्पताल में मची अफरा-तफरी

Khagaria Food Poisoning : खगड़िया के हियादतपुर गांव में सत्यनारायण पूजा के बाद प्रसाद खाने से 165 से अधिक लोग बीमार पड़ गए. बच्चों, महिलाओं और पुरुषों में उल्टी, दस्त, चक्कर और बेचैनी की शिकायत देखी गई. आनन-फानन में बीमारों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है.

Khagaria Food Poisoning : मानसी थाना क्षेत्र की अमनी पंचायत के वार्ड नंबर एक स्थित बागमती नदी के पार हियादतपुर गांव में सोमवार रात सत्यनारायण भगवान की पूजा के बाद प्रसाद खाने से 165 से अधिक लोगों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है. बीमार होने वालों में बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हैं. एक साथ बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने से गांव में अफरा-तफरी मच गयी. परिजन आनन-फानन में बीमार लोगों को इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. देर रात तक अस्पताल में मरीजों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा.

पूजा के बाद प्रसाद खाते ही बिगड़ने लगी तबीयत

जानकारी के अनुसार मायाराम चौधरी के पुत्र सुबोध चौधरी के यहां सोमवार शाम करीब सात बजे सत्यनारायण भगवान की पूजा आयोजित की गयी थी. पूजा समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. बताया जा रहा है कि करीब 250 से अधिक लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया था.

प्रसाद खाने के कुछ समय बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. खासकर बच्चों में उल्टी और दस्त की शिकायत सामने आयी. वहीं कई महिलाओं और पुरुषों ने चक्कर आने, कमजोरी और बेचैनी की शिकायत की. देखते ही देखते बीमार लोगों की संख्या बढ़ने लगी.

बड़ी संख्या में मरीज पहुंचने से अस्पताल में बढ़ी हलचल

एक साथ कई लोगों के बीमार पड़ने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने इसकी सूचना मानसी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को दी. सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हो गया और मरीजों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था शुरू की गयी.

इसके बाद बड़ी संख्या में बीमार लोगों को इलाज के लिए खगड़िया सदर अस्पताल लाया गया. अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों का चिकित्सकों की देखरेख में उपचार शुरू किया गया. मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण अस्पताल में देर रात तक हलचल बनी रही.

एंबुलेंस भेजकर मरीजों को कराया गया अस्पताल में भर्ती

सदर अस्पताल प्रबंधक प्रणव कुमार ने बताया कि बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की सूचना मिलते ही एंबुलेंस को मरीजों को लाने के लिए भेजा गया. मरीजों के अस्पताल पहुंचते ही उनके उपचार की आवश्यक व्यवस्था की गयी.

स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मामले की जानकारी जुटाने में लगी है. मरीजों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध करायी जा रही है.

प्रसाद की गुणवत्ता पर उठे सवाल, जांच के बाद स्पष्ट होगा कारण

प्रसाद खाने के बाद बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने से उसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि, प्रसाद दूषित था या बीमारी फैलने के पीछे कोई अन्य कारण है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.

स्वास्थ्य विभाग की टीम घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है. साथ ही बीमार लोगों के इलाज और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. घटना के बाद हियादतपुर गांव में लोगों के बीच चिंता का माहौल बना हुआ है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजकिशोर सिंह

राजकिशोर सिंह प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. अभी प्रभात खबर के खगड़िया कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति, राजनीति की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >