बरौनी से कटिहार तक सभी रेलवे स्टेशनों पर मिलेगी मुफ्त वाइ-फाई की सुविधा, तेजी से चल रहा है काम

विनय, खगड़िया : अब धमारा घाट व पसराहा जैसे रेलवे स्टेशनों पर भी रेल यात्रियों को मुफ्त वाइफाई (हाइस्पीड इंटरनेट) की सुविधा मिलेगी. बड़े स्टेशनों की तर्ज पर अब छोटे स्टेशन भी वाईफाई से लैस होंगे. जल्द ही इसकी प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी. इस नई व्यवस्था में बी, सी, डी और ई श्रेणी के […]

विनय, खगड़िया : अब धमारा घाट व पसराहा जैसे रेलवे स्टेशनों पर भी रेल यात्रियों को मुफ्त वाइफाई (हाइस्पीड इंटरनेट) की सुविधा मिलेगी. बड़े स्टेशनों की तर्ज पर अब छोटे स्टेशन भी वाईफाई से लैस होंगे. जल्द ही इसकी प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी. इस नई व्यवस्था में बी, सी, डी और ई श्रेणी के स्टेशनों पर आने-जाने वाले यात्री नि:शुल्क इंटरनेट का आनन्द उठा सकेंगे. अभी यह सुविधा सिर्फ ए-1 और ए श्रेणी के स्टेशनों पर ही है.

जी हां छोटे रेलवे स्टेशन भी बड़े स्टेशनों की तर्ज पर विकसित किए जाएंगे. कुछ स्टेशन तो ट्रेन विशेष से भी पहचाने जाएंगे. रेल मंत्रालय ने सोनपुर मंडल के अधीन बरौनी-कटिहार रुट व मुंगेर रेलखंड के 22 स्टेशनों पर मुफ्त वाइफाई सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में कवायद तेज कर दिया है.
रेलसूत्रों के अनुसार मंत्रालय से हरी झंडी मिलने के बाद विभिन्न स्टेशनों पर वाइफाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिये काम शुरु कर दिया है. मुफ्त वाई-फाई की सुविधा बहाल होने से यात्री रेलवे स्टेशन और सर्कुलेटिंग एरिया में बैठे-बैठे इंटरनेट से जुड़े काम कर पाएंगे. साथ ही ट्रेन से संबंधित जानकारी के साथ आरक्षण की भी जानकारी स्टेशन पर पहुंचते ही अपनी मोबाइल से ले पाएंगे.
रेलवे स्टेशनों पर टाटा ट्रस्ट कंपनी को वाई-फाई लगाने का ठेका दिया गया. इसके लिए सभी स्टेशनों का सर्वे पूरा कर लिया गया है. खरीक सहित अन्य स्टेशनों पर वायरिंग का काम चल रहा है. जबकि कटरिया में वाइफाई लगा दिया गया है. चयनित स्टेशनों पर वाइफाई लगाने का काम तेज गति से चल रहा है.
स्टेशन परिसर में प्वाइंट के 100 मीटर की परीधि तक करेगा काम : स्टेशन पर बनाए गए प्वाइंट से 100 मीटर की दूरी तक 24 घंटे वाइफाई काम करेगा. मिली जानकारी अनुसार तय समय अवधि में कार्य पूरा करने के लिए बरसात के मौसम को देखते टाटा ट्रस्ट अभी रेल के फाइबर पर वाई-फाई चालू करेगा.
बरसात समाप्त होने के बाद वह अपना फाइबर लगाएगा. अगर सब कुछ ठीक रहा तो स्टेशनों के बाद रेलवे हॉल्ट पर भी वाई-फाई की सुविधा शुरू करने की योजना है. बता दें कि अभी तक सिर्फ ए और ए-1 श्रेणी के स्टेशनों पर ही व्यवस्था थी. नई व्यवस्था से बी-सी और डी श्रेणी के स्टेशन भी वाइफाई के दायरे में रहेंगे.
छोटे स्टेशनों पर भी वाइफाई लग जाने से उन यात्रियों को सुविधा होगी जो इंटरनेट न होने से ट्रेनों की लोकेशन पता नहीं कर पाते. इंटरनेट मिल जाने से छोटे स्टेशनों पर आने वाले यात्रियों को सिर्फ पूछताछ पर ही निर्भर नहीं होना पड़ेगा. अपने मोबाइल से भी काफी आसानी से ट्रेनों की लोकेशन जान सकेंगे. इसके साथ ही प्लेटफार्म डिजिटल डिस्प्ले टीबी भी लगाए जाएंगे.
सभी डिस्प्ले वाई-फाई से कनेक्टेड रहेंगे. इससे ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की सटीक जानकारी यात्रियों को मिल सकेगी. दरअसल बीते वर्ष आरडीएम (रेल नेटवर्क डिस्प्ले) सिस्टम के तहत प्लेटफार्मों पर स्क्रीन लगाए गए थे, लेकिन तकनीकी कारणों से डिस्प्ले बंद हो गए.
स्टेशन परिसर के बाहर जाते ही बंद हो जायेगी मुफ्त सेवा : वाई-फाई लगने के बाद यात्री स्टेशन, टिकट काउंटर और सर्कुलेटिंग एरिया में बैठे-बैठे इंटरनेट से जुड़े काम कर पाएंगे. ट्रेन कहां, कब, किस प्लेटफार्म पर पहुंचेगी और आरक्षण की क्या स्थिति है तमाम जानकारी बैठे-बैठे मोबाइल पर ले पाएंगे. पूछताछ काउंटर या स्टेशन मास्टर से पूछने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
प्वाइंट से 100 मीटर की दूरी तक वाई-फाई काम करेगा. स्टेशन पर स्थित सभी प्लेटफार्म, टिकट काउंटर और सर्कुलेटिंग एरिया में यात्रियों को मुफ्त में 24 घंटे वाई-फाई की सुविधा मिलेगी. रेल यात्री व आम जनता मुफ्त हाई स्पीड वाइफाई सेवा का लुफ्त उठा सकेंगे. रेलवे ने 30 मिनट तक मुफ्त इंटरनेट देने के नियम में बदलाव कर दिया है.
अब रेलवायर पर लॉग करने के बाद 24 घंटे तक इंटरनेट का प्रयोग किया जा सकेगा. इतना ही नहीं अगले दिन भी लॉगइन कर इस सेवा का लाभ उठाया जा सकेगा. नए नियम में स्टेशन पर प्लेटफार्म टिकट लेकर आम जनता भी हाई स्पीड वाइफाई का इस्तेमाल कर सकेगी. स्टेशन परिसर के बाहर वाइफाई सेवा का लाभ नहीं उठाया जा सकेगा.
इन स्टेशनों पर मिलेगी वाइ-फाई की सुविधा
बरौनी, तिलरथ, बेगूसराय, लाखो, दनौली फुलवड़िया, लखमिनियां, साहेबपुरकमाल, उमेशनगर, खगड़िया, मानसी, महेशखूंट, पसराहा, नारायणपुर, थानाबिहपुर, खरीक, नवगछिया, कटरिया, कुरसेला, बखरी, कढ़ागोला रोड, सेमापुर, सबदलपुर, मुंगेर.
समस्तीपुर रेल मंडल के अधीन सहरसा रेलखंड पर स्थित बदला घाट, धमारा घाट, कोपरिया, बुधमा जैसे छोटे-छोटे स्टेशनों पर भी वाई फाई की सुविधा बहाल होगी. समस्तीपुर मंडल के सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया कोर्ट, बनमनखी से लहेरियासराय स्टेशन शामिल हैं.
सिमरी बख्तियारपुर, बैजनाथपुर, मुरलीगंज, जानकीनगर, सरसी, कृत्यानंद नगर, पंचगछिया, गढ़ बरुआरी, औलापुर, हसनपुर, रोसड़ा, बगहा, बैरगनिया, सकरी, निर्मली, लौकहा सहित अन्य स्टेशनों पर भी यह सुविधा दी जाएगी. पहले वाई फाई की सुविधा रेलवे सिर्फ ए वन और ए ग्रेड स्टेशनों पर ही देती थी.
बरौनी कटिहार रेलखंड के 22 रेलवे स्टेशनों पर जल्द मिलने लगेगी मुफ्त वाइफाई इंटरनेट की सुविधा
खगड़िया सहित महेशखूंट से लेकर पसराहा जैसे छोटे रेलवे स्टेशनों अब मुफ्त इंटरनेट सेवा के लिये काम शुरू
मुंगेर रेलवे रुट पर सबदलपुर सहित मुंगेर रेलवे स्टेशनों पर भी उपलब्ध रहेगी वाइफाई की सुविधा
स्टेशन पर बनाए गए प्वाइंट से 100 मीटर की परीधि में 24 घंटे वाइफाई करेगा काम, बाहर जाते ही बंद हो जायेगी सेवा
वर्तमान में बरौनी के बाद खगड़िया में चालू है वाइफाई सेवा, बेगूसराय जैसे स्टेशनों पर भी सेवा शुरू होने का इंतजार
तेजी से चल रहा है काम
पूर्व मध्य रेलवे के अधीन सोनपुर, समस्तीपुर रेलमंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर वाइफाई सुविधा उपलब्ध करवाने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है. आने वाले दिनों में बड़े स्टेशनों की तरह छोटे रेलवे स्टेशनों (हॉल्ट छोड़कर) पर भी मुफ्त वाइफाई की सुविधा रेलयात्रियों को मिलने लगेगी. फिलहाल, बरौनी-कटिहार के बाद इस रेलखंड पर सिर्फ खगड़िया रेलवे स्टेशन पर मुफ्त वाइफाई की सुविधा दी जा रही है.
राजेश कुमार, सीपीआरओ, पूर्व मध्य रेलवे हाजीपुर.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >