खगड़िया : मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एनएच 31 पर विद्यार्थी टोल के समीप बाइक व ट्रक की टक्कर में एक युवक की मौत हो गयी. वहीं बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया. जख्मी दोनों युवक को मुफस्सिल पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचाया है, जहां इलाज जारी है. बाइक चला रहे युवक की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. हादसे के बाद ट्रक को पुलिस ने जब्त कर लिया है.
हालांकि चालक भागने में सफल रहा. मिली जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मथार दियारा निवासी वकिल यादव के पुत्र रंधीर यादव, रतन यादव के पुत्र गौतम कुमार बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के शिवचन्द्रपुर गांव निवासी एक युवक के साथ बाइक पर सवार होकर महेशखूंट से खगड़िया की ओर आ रहे थे.
इसी दौरान विद्यार्थी टोल के समीप सामने से आ रही ट्रक ने ठोकर मार दी. इसके कारण बाइक चला रहे शिवचन्द्रपुर गांव निवासी युवक की घटना स्थल पर मौत हो गयी. जबकि बाइक के पीछे बैठे रंधीर और गौतम जख्मी हो गये. थानाध्यक्ष संजीव ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है. चालक भागने में सफल हो गया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. घटना गुरुवार के देर शाम की है.
