एपीएल परिवारों को केरोसिन देने का लिया गया निर्णय
खगड़िया : केरोसिन से वंचित जिले के 37 हजार से अधिक एपीएल परिवारों के लिए अच्छी खबर है. राज्य स्तर से एपीएल परिवारों को भी केरोसिन देने का निर्णय लिया गया है. तथा इस संबंध में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के द्वारा आदेश जारी किया गया है. इसमें एपीएल परिवारों को भी केरोसिन देने को कहा गया है.
जानकारी के मुताबिक जिले में सर्वेक्षित एपीएल परिवारों की संख्या 37 हजार 310 है, जिन्हें अब विभाग के आदेश के बाद जनवरी माह से ही केरोसिन मिलेगा. उल्लेखनीय है कि सेख सूची में शामिल 3 लाख 10 हजार 614 परिवारों को खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत खाद्यान्न व केरोसिन मिल रहा है. लेकिन एपीएल परिवार को पिछले वर्ष से ही केरोसिन नहीं मिल रहा. कुछ माह पूर्व तक इन्हें भी केरोसिन दिया जा रहा था, लेकिन इस पर रोक लगा दी गयी थी. अब फिर से रोक हटाते हुए एपीएल परिवारों के लिए करीब 56 हजार लीटर तेल आवंटन भेजा गया है.
दो लीटर की जगह अब सभी लाभुकों को मिलेगा डेढ़ लीटर केरोसिन
एपीएल परिवारों को अब केरोसिन मिलेगा, इस अच्छी खबर के साथ एक निराश कर देने वाली खबर भी है. उपभोक्ताओं को अब दो लीटर की जगह मात्र डेढ़ लीटर केरोसिन ही प्रतिमाह मिलेगा. ये दोनों श्रेणी के उपभोक्ताओं पर लागू होगा, यानी सेख सूची में शामिल तीन लाख 10 हजार परिवार एवं 37 हजार 3 सौ एपीएल सूची में शामिल परिवारों को जनवरी माह से डेढ़ लीटर केरोसिन ही मिलेगा. उल्लेखनीय है कि उपभोक्ताओं के केरोसिन में लगातार कटौती हो रही है. कुछ दिन पूर्व ही शहरी क्षेत्र के केरोसिन उठाव पर रोक लगायी गयी थी. वहीं पहले साढ़े तीन लीटर केरोसिन मिलता था, जिसे घटाकर पहले तीन, फिर ढ़ाई और उसके बाद दो लीटर प्रतिमाह कर दिया गया था.
अब इसमें भी आधा लीटर की कटौती करते हुए, इसे डेढ़ लीटर कर दिया गया है.
