खगड़ियाः हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने किन्नरों को एक विशेष अधिकार दिया है. एक ऐतिहासिक फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने किन्नरों को भी आरक्षण देने को कहा है. आरक्षण मिलने के बाद देश भर के किन्नरों ने जश्न मनाया था, किंतु खगड़िया लोकसभा क्षेत्र के किन्नर अपने वोट के अधिकार को भूल गये हैं. तभी तो लोकतंत्र के महापर्व में किसी भी किन्नर मतदाता ने भाग नहीं लिया. पुरुष एवं महिला मतदाता के साथ-साथ अन्य मतदाता के रूप में किन्नर मतदाता भी इस लोकसभा क्षेत्र में है.
अन्य मतदाता की संख्या इस लोकसभा क्षेत्र में 51 है. जिसमें सिमरी बख्तियारपुर विधानसभा में इनकी संख्या 26, अलौली व खगड़िया विधानसभा में पांच-पांच, बेलदौर विधानसभा में आठ तथा हसनपुर एवं परबत्ता विधानसभा क्षेत्र में चार व तीन है. 30 अप्रैल का हुए लोकसभा चुनाव में एक भी अन्य किन्नर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया है.
