तीन जनवरी को गर्भपात के दौरान हो गयी थी महिला की मौत
हवेली खड़गपुर : अवैध रूप से गर्भपात कराने के मामले में तारापुर मोड़ स्थित झोला छाप चिकित्सक डॉ विनोद कुमार पर शिकंजा कसता जा रहा है. सोमवार को उनके घर स्थित निजी क्लिनिक एवं दवा दुकान को सील कर दिया गया. बीडीओ विनय कुमार के नेतृत्व में जांच दल के अधिकारियों ने क्लिनिक को सील किया. अब उक्त चिकित्सक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया अपनायी जा रही है. बताया जाता है कि 3 जनवरी को डॉ विनोद कुमार के निजी नर्सिंग होम में गर्भपात कराने के दौरान एक महिला की मौत हो गयी थी.
जिसके बाद मामला को अखबारों में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था कि किस तरह झोला छाप चिकित्सक द्वारा गलत तरीके से क्लिनिक का संचालन किया जा रहा है और गर्भपात तक कराया जा रहा है. समाचार प्रकाशित होने के बाद एसडीओ खड़गपुर संजीव कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया. जिसमें बीडीओ खड़गपुर विनय कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एलबी गुप्ता एवं डॉ अखिलेश कुमार को शामिल किया गया. जिसके द्वा
रा सोमवार को को डॉ विनोद के क्लिनिक की जांच की गयी और उसकी दवा दुकान व क्लिनिक को सील कर दिया गया.
क्या था मामला : साहू टोला खड़गपुर निवासी अमर गुप्ता की पत्नी नीलम देवी चार माह की गर्भवती थी. अधिक रक्तस्राव होने के कारण परिजनों ने उसे डॉ विनोद के क्लिनिक में भर्ती कराया था. चिकित्सक ने परिजनों को बताया कि अगर मरीज की जान बचानी है तो इसका गर्भपात कराना होगा. जिसके बाद उसका गर्भपात किया गया. जिसमें महिला का अधिक रक्तस्राव हो गया और उसकी मौत हो गयी. जिस पर आक्रोशित परिजनों ने डॉ विनोद के क्लिनिक पर तोड़-फोड़ किया था.
कहते हैं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी :
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ एलबी गुप्ता ने बताया कि सिविल सर्जन के निर्देश पर विनोद कुमार के निजी क्लिनिक व दवा दुकान को सील किया गया है. मंगलवार को ड्रग इंस्पेक्टर द्वारा दुकान में रखी दवाओं की जांच की जायेगी.
