दुखद. मथुरापुर नवटोलिया चौक पर अलाव तापने के दौरान हुआ हादसा
पिकअप की ठोकर से घायल एक अन्य सदर अस्पताल से रेफर
गुस्साये लोगों ने खगड़िया-अलौली पथ को किया जाम
खगड़िया : सदर थाना क्षेत्र के मथुरापुर स्थित नवटोलिया चौक पर अलाव सेंक रहे दो अधेड़ को पिकअप वाहन ने ठोकर मार दिया. घटना सोमवार की देर रात हुई. इसमें आनंदी चौरसिया (50 वर्ष) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि घायल स्थानीय निवासी उपेन्द्र शर्मा को सदर अस्पताल लाया गया. वहां भी घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया. घटना से गुस्साये लोगों ने खगड़िया मथुरापुर पथ को नवटोलिया चौक के समीप जाम कर दिया.
इसके कारण आवागमन ठप हो गया. सड़क की दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. सूचना पाकर सीओ नौशाद आलम पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे व आक्रोशित लोगों को समझाया. इसके साथ ही मृतक के परिजन को चार लाख का चेक प्रदान किया. वहीं घायल को इलाज के लिए पैसे देने की घोषणा की. इसके बाद जाम समाप्त किया गया. इधर, पुलिस पिकअप वाहन को जब्त कर बंधक बने ड्राइवर को ग्रामीणों से छुड़ा कर थाना ले आयी.
घर के आगे अलाव ताप रहे थे दोनों : मथुरापुर पंचायत नवटोलिया चौक स्थित अपने दरवाजे पर आनंदी चौरसिया व उपेन्द्र शर्मा अलाव सेंक रहे थे. इसी क्रम में अलौली से खगड़िया आ रहे पिकअप वैन ने दोनों को ठोकर मार दिया. ठोकर लगने से आनंदी चौरसिया ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं उपेंद्र शर्मा को गंभीर रूप से घायल अवस्था में सदर अस्पताल भेजा गया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए बाहर रेफर कर दिया गया.
जाम से लोग रहे परेशान, लगी रही वाहनों की कतार
घटना से गुस्साये ग्रामीणों ने नवटोलिया के समीप खगड़िया-अलौली पथ को पांच घंटे तक जाम कर दिया. आक्रोशित ग्रामीणों ने इस दौरान हंगामा भी किया. इससे पथ पर आवाजाही ठप हो गयी. सुबह का समय होने के कारण कोचिंग करने जाने वाले छात्र-छात्राओं को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा. लोग शेखपुरा भदास होकर निकलते देखे गये. ग्रामीण डीएम-एसपी को घटनास्थल पर बुलाने की मांग कर रहे थे. मौके पर सीओ के साथ पहुंची नगर थाना पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाया. इधर डीएम के निर्देश पर सदर सीओ नौशाद आलम ने घटना पर पहुंच कर मामले का जायजा लिया और मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये का चेक दिया. मंगलवार दिन के करीब 11 बजे जाम को हटाया जा सका.
