मैडम! शराबियों से बचाइये, राह चलती महिलाओं से करते हैं अभद्र व्यवहार

सुनायी व्यथा . छोटी बलहा गांव में महिलाओं ने विधायक को घेरा मानसी में शराब की अवैध खरीद-बिक्री, सेवन व ताड़ीखाना से तंग महिलाओं का फूटा गुस्सा छोटी बलहा में कार्यकर्ता के घर जा रही सदर विधायक को रास्ते में सैकड़ों महिलाओं ने घेरा मानसी थाना क्षेत्र के बलहा गांव में शराब, ताड़ी सहित नशेड़ियों […]

सुनायी व्यथा . छोटी बलहा गांव में महिलाओं ने विधायक को घेरा

मानसी में शराब की अवैध खरीद-बिक्री, सेवन व ताड़ीखाना से तंग महिलाओं का फूटा गुस्सा
छोटी बलहा में कार्यकर्ता के घर जा रही सदर विधायक को रास्ते में सैकड़ों महिलाओं ने घेरा
मानसी थाना क्षेत्र के बलहा गांव में शराब, ताड़ी सहित नशेड़ियों पर अंकुश लगाने की मांग
मानसी : पुलिस-प्रशासन लाख दावा कर लें लेकिन शराब की अवैध खरीद-बिक्री व सेवन जारी है. मानसी थाना क्षेत्र के बलहा गांव में शराब की खरीद-बिक्री, सेवन व ताड़ीखाना संचालित होने से तंग महिलाओं का धैर्य सोमवार को जवाब दे दिया. कार्यकर्ता से मिलने छोटी बलहा जा रही सदर विधायक पूनम देवी यादव को सैकड़ों महिलाओं ने रास्ते में घेर लिया. महिलाओं ने कहा कि गांव में खुलेआम शराब की खरीद-बिक्री व सेवन से महिलाओं सहित सभ्य लोगों का जीना मुहाल है.
रास्ते होकर गुजरने पर नशेड़ी भद्दी टिप्पणी करते हैं. ऐसे में चलना फिरना मुहाल हो गया था. विधायक ने महिलाओं की बातों को गौर से सुनने के बाद एसपी मीनू कुमारी से फोन पर बात कर ऐसे तत्वों पर सख्ती से नकेल कसने को कहा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नशा मुक्त बिहार के सपने को साकार करने के लिये शराब व ताड़ी सहित नशीली सामग्री की अवैध खरीद बिक्री व सेवन पर अंकुश लगाना जरुरी है. इसमें कोताही बरदाशत नहीं की जायेगी.
आवेदन देने के बाद भी नहीं सुन रहे अधिकारी : दर्जनों महिलाओं ने कहा कि स्थानीय प्रशासन को आवेदन के वावजूद भी गांव के कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा खुले रूप से अवैध शराब और ताड़ी बेचा जा रहा है. यह स्थिति मानसी थाना क्षेत्र का बलहा एवं छोटी बलहा गांव की है. स्थानीय महिला सुमन पटेल, रीना कुमारी, कंचन देवी, मीरा देवी, शीला देवी, झालो देवी, शिरोमणी देवी, सावित्री देवी, सुशीला देवी, पिंकी देवी सहित दर्जनों महिलाओं ने विधायक के समक्ष आपबीती सुनाते हुए कहा कि छोटी बलहा और बलहा में खुले रूप से ताड़ी बेचने की आड़ में शराब परोसे जा रहे हैं. जिसकी वजह से राह चलते महिलाओं को शर्मसार होना पड़ता.
पुलिस-प्रशासन से गुहार गयी बेकार :
महिलाओं ने कहा कि कई बार स्थानीय पुलिस प्रशासन को सूचना दी गयी. कुछ दिन सख्ती दिखायी गयी फिर सब कुछ सामान्य होने के बाद शराब सहित नशीली सामग्री का गोरखधंधा परवान चढने लगा. महिलाओं ने कहा कि इसमें गांव के ही कुछ सफेदपोश लोग शामिल हैं. स्थिति यह है कि शराब के नशे में नशेड़ियों की अभ्रद टिप्पणी से महिलाओं को दो-चार होना पड़ता है. विधायक ने नशा व नशेड़ी पर सख्ती से लगाम लगाने का भरोसा दिलाते हुए महिलाओं का शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि जागरुक महिलाओं के प्रयास का ही नतीजा है कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है.
तंग आ गये हैं लोग
छोटी बलहा व बलहा में शराब की खरीद बिक्री व सेवन से सभ्य परिवार के लोग तंग आ गये थे. खासकर महिलाओं की परेशानी बढ गयी थी. नशे में चूर नशेड़ियों द्वारा राह चलती महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी की जा रही थी. कई बार पुलिस प्रशासन को सूचना दी गयी लेकिन कड़ी कार्रवाई नहीं होने से दिन ब दिन समस्या विकराल होती जा रही थी. विधायक पूनम देवी ने ऐसे लोगों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.
सावित्री देवी, स्थानीय महिला
होगी कार्रवाई
छोटी बलहा व बलहा गांव में ताड़ीखाना संचालित होने की समस्या लेकर स्थानीय सैकड़ों महिलाओं ने पीड़ा सुनाते हुए इस पर कड़ाई से अंकुश लगाने की मांग की. हमने एसपी व थानाध्यक्ष को फोन करके ऐसे तत्वों पर सख्ती से लगाम लगाने को कहा है. एसपी ने कड़े कदम उठाने का भरोसा दिलाया है. शराबबंदी के ऐतिहासिक कदम में बट्टा लगाने वाले शराब तस्कर चाहे कितने भी रसूख वाले क्यों नहीं हो, कड़ी कार्रवाई तय है.
पूनम देवी यादव, सदर विधायक

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >