शराबबंदी अभियान के तहत बेलदौर पुलिस ने ताबड़तोड़ छापा मार कर अलग-अलग जगहों से 82 लीटर देशी-विदेशी शराब बरामद किया है. इसी क्रम में तीन शराब कारोबारियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है. थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि सोमवार को पनसलवा गांव में छापेमारी की गयी. जिसमें विक्की सिंह के घर के सामने खड़ी लाल स्काॅर्पियो की तलाशी ली गयी. जिसमें छह कार्टून आरएस की अंग्रेजी शराब बरामद किया गया. थानाध्यक्ष श्री कुमार ने बताया कि बरामद अंग्रेजी शराब का बाजार मूल्य लगभग 52 हजार रुपये है. इसमें 180 एमएल के 89 बोतल एवं 375 एमएल के 95 बोतल शामिल हैं.
बरामद शराब झारखंड राज्य निर्मित आरएस की बोतल में पैक है. इस मामले में पुलिस ने पनसलवा निवासी घर मालिक विक्की सिंह एवं गाड़ी मालिक सह विक्की का बहनोई सोनवर्षा घाट निवासी राजीव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपित विक्की का एक रिश्तेदार इसी मामले में पहले ही जेल जा चुका है. इस मामले में पुलिस ने उसके घर को सील किया है.
महिनाथनगर में चल रही थी भट्ठी
बेलदौर पुलिस ने महिनाथनगर के मुरबल्ला मुसहरी में संचालित देशी शराब के भट्ठी को भी ध्वस्त किया. रात में की गई कार्रवाई के तहत पुलिस ने संचालक ब्रह्मदेव शर्मा को 30 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपित वारंटी भी है. उस पर हत्या एवं लूट का मामला दर्ज है. सूत्रों के मुताबिक वारंटी को गिरफ्तार करने गई पुलिस को देसी शराब के भट्ठी के संचालन की जानकारी मिली. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह कार्रवाई की है.
