खगड़िया/परबत्ताः जिले में चैती दुर्गापूजा धूमधाम से मनायी जा रही है. महानवमी के दिन मंगलवार को श्रीश्री 108 वासंती चैती दुर्गा मंदिर, श्रीश्री 108 शेरावाली माता मंदिर, कमलपुर स्थित माता मंदिर सहित कई मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही. मंदिर के प्रांगण में नवमी के दिन श्रद्धालुओं द्वारा हवन यज्ञ किया गया. हवन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गयी. बच्चों द्वारा मेला का लुत्फ उठाया गया.
इधर, परबत्ता प्रतिनिधि के अनुसार प्रखंड के रामपुर उर्फ रहीमपुर पंचायत अंतर्गत मोजाहीदा गांव स्थित वासंती चैती दुर्गा मेला श्रद्धा व भक्ति ही नहीं बल्कि सामाजिक सदभाव का भी मिसाल है. वासंती नवरात्र शुरू होने से पूर्व ही गांव के लोगों में उत्साह चढ़ जाता है. प्रत्येक वर्ष मूर्ति निर्माण का खर्च उठाने वाले की लाइन लग जाती है. श्रद्धालुओं ने आस्था पूर्वक अगले पांच वर्षो तक मूर्ति निर्माण जिम्मेदारी दी जा चुकी है. मंगलवार को नवमी के दिन झंडा जुलूस तथा रात में नाटक का मंचन किया गया. सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ देखी गयी.
मेला समिति के प्रेम शंकर सिंह, सुरेश साह, रामवरण साह, विजय नारायण सिंह, प्रकाश दास, उमेश पंडित, सरयुग पंडित, प्रियरंजन सिंह, पंडित आदि ने बताया कि ग्रामीण रोजी रोटी की तलाश में बाहर जाते हैं किंतु इस पूजा तथा मेला के बहाने एक दूसरे से मिल कर अपना सुख-दुख बांटते हैं.
