मामला निरीक्षण में डीइओ द्वारा काटी हाजिरी में छेड़छाड़ कर भुगतान का
डायट कॉलेज खगड़िया में शिक्षकों के प्रशिक्षण में गोलमाल से लेकर व्याख्याताओं के वेतन भुगतान में फर्जीवाड़ा मामले में प्राचार्य की भूमिका कटघरे में है. पूरे मामले में डायट प्राचार्य पर शिकंजा कसते हुए डीइओ ने स्पष्टीकरण तलब किया है. पूरे प्रकरण कई कर्मियों की गरदन फंसने की संभावना है.
खगड़िया : बिना ड्यूटी पर आये पिछले दरवाजे से नौ व्याख्याताओं के वेतन भुगतान में फर्जीवाड़ा मामले में डायट कॉलेज के प्राचार्य घिरते नजर आ रहे हैं. डीइओ सुरेश कुमार साहु ने डायट कॉलेज व्यख्याताओं के वेतन भुगतान में फर्जीवाड़ा के खुलासा बाद प्राचार्य शंभुनाथ सिंह से स्पष्टीकरण तलब करते हुए दो दिनों के अंदर जवाब देने को कहा है. पूरा मामला निरीक्षण के दौरान डीइओ द्वारा गायब व्याख्याताओं की काटी गयी हाजिरी से छेड़छाड़ कर वेतन भुगतान में फर्जीवाड़ा से जुड़ा हुआ है.
इसका खुलासा डीइओ सुरेश कुमार साहु द्वारा जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के निरीक्षण के दौरान तीन दिन पहले हुआ है. डीइओ ने अनुपस्थित प्रशिक्षु शिक्षकों की पिछले दरवाजे हाजिरी बनाने की आशंका जताते हुए कड़ी कार्रवाई के संकेत दिये हैं. बता दें कि इससे पूर्व डीएम जय सिंह द्वारा डायट कॉलेज के निरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या प्रशिक्षु शिक्षक अनुपस्थित पाये गये थे. साथ ही बिना किसी सूचना के प्राचार्य भी गायब थे. पूरे मामले में प्राचार्य के खिलाफ शिक्षा निदेशक को पत्र भेज कर कार्रवाई की अनुशंसा की गयी थी.
उपस्थिति पंजी में हेराफेरी कर हुआ भुगतान!
डीइओ के निरीक्षण के दौरान डायट कॉलेज खगड़िया में व्याख्याताओं के वेतन भुगतान में भी हेराफेरी में कॉलेज के प्राचार्य सहित कई कर्मियों की मिलीभगत की आशंका जतायी जा रही है.
डीइओ ने बताया कि 23 जून को डायट कॉलेज के निरीक्षण के दौरान व्याख्याता शीला रानी, रत्नमाला कुमारी, सीता राम सिंह, कौशल किशोर दत्त, कल्पना मिश्रा, दिनेश कुमार जायसवाल, अशोक कुमार सिंह, अश्वनी कुमार, संजीव कुमार गायब थे. अनुपस्थित व्याख्याताओं की हाजिरी काट दी गयी, लेकिन बीते एक बार फिर बुधवार को डीइओ के निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजी में छेड़छाड़ कर गायब
व्याख्याताओं उस दिन का भी वेतन भुगतान करने का खुलासा हुआ जिस दिन की उनकी हाजिरी काटी गयी थी. डीइओ ने इसे उच्चाधिकारियों के आदेश का उल्लंघन माना है. निरीक्षण के दौरान व्याख्याता अनुपस्थित पाये गये तो नियमत: उस दिन का वेतन काट कर भुगतान करने से पहले संबंधित अधिकारी से अनुमति लिया जाना चाहिये.
12 बजे दिन में प्रशिक्षु की हाजिरी बनाने का खुलासा
डीइओ ने पूछे गये स्पष्टीकरण में कहा है कि निरीक्षण के दौरान दिन के 12 बजे प्रशिक्षु शिक्षकों की हाजिरी बनाना कई सवाल खड़ा करता है. निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि किसी भी कक्षा में शिक्षकों की हाजिरी उपस्थिति पंजी में दर्ज नहीं थी.
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने साफ तौर पर पत्र में कहा है कि एक दिन के औचक निरीक्षण में इतनी बड़ी संख्या में प्रशिक्षु शिक्षकों का अनुपस्थित रहना प्रशिक्षण व्यवस्था में धांधली की ओर इशारा कर रहा है. उन्होंने कॉलेज प्रबंधन की मिलीभगत से अनुपस्थित शिक्षकों की उपस्थिति दर्ज करने की आशंका जताते हुए कड़ी कार्रवाई के संकेत दिये हैं.
बता दें कि बुधवार को डीइओ सुरेश साहु के निरीक्षण के दौरान डायट कॉलेज संसारपुर, खगड़िया में वर्तमान सत्र के 27 प्रशिक्षु शिक्षक गायब पाये गये. उनकी हाजिरी पर डीइओ ने लाल निशान लगा दिया. डीइओ ने भी माना कि एक ही दिन में दो दर्जन से अधिक प्रशिक्षु का गायब रहना बड़े घालमेल की ओर इशारा कर रहा है.
