खगड़ियाः मनरेगा योजना की प्रगति अच्छी नहीं है. योजना की स्थिति सुधारने के लिए अब इसकी साप्ताहिक समीक्षा की जायेगी. डीडीसी अब्दुल बहाव अंसारी ने सभी प्रखंडों के पीओ को योजना की प्रगति रिपोर्ट के साथ प्रत्येक शनिवार को अपने कार्यालय कक्ष में उपस्थित रहने का निर्देश दिया है.
वित्तीय वर्ष 13-14 की समाप्ति में अब मात्र 10 दिन ही बचे हैं. जबकि मनरेगा की स्थिति काफी बदतर हैं. योजना की स्थिति सुधारने के के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है. विभागीय जानकारी के मुताबिक इस वित्तीय वर्ष मात्र लक्ष्य के विरुद्ध 41 प्रतिशत ही मजदूरों को रोजगार दिया जा चुका हैं. प्रत्येक पंचायत में औसतन मात्र 20.89 मजदूरों को ही इस योजना अंतर्गत रोजगार मिल पाया हैं.
इसी तरह 87 हजार के विरुद्ध 4276 मजदूरों का ही खाता बैंकों में खोले गये हैं. जबकि प्रत्येक दिन कम से कम 2 सौ मजदूरों के खाते खोलने के निर्देश दिये गये थे. डीडीसी की समीक्षा के दौरान यह बातें सामने आयी थी कि परबत्ता, खगड़िया, गोगरी तथा चौथम प्रखंड में अपूर्ण योजनाओं की संख्या अधिक हैं. डीडीसी ने इन योजनाओं को पूर्ण कराने के भी निर्देश दिये हैं.
