फलका सोमवार को पूर्णिया में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की आमसभा में जाने को लेकर स्थानीय भाजपा नेता पर कुछ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. भाजपा नेता द्वारा वाहन उपलब्ध कराने का वायदा पूरा नहीं करने पर सैकड़ों जीविका समूह की महिलाएं एवं पुरुष महेशपुर चौक पर स्टेट हाइवे 77 को जाम कर घंटों तक प्रदर्शन करते रहे. गुस्साए लोगों ने कहा, भाजपा नेता ने मजदूरी छुड़वाकर रैली में चलने को कहा था. वादा किया था कि वाहन, खाना-पीना सबका इंतज़ाम करेंगे लेकिन जब लोग महेशपुर चौक पर पहुंचे तो वार्ड सदस्य सह भाजपा नेता खुद रैली के लिए रवाना हो गए और उन्हें छोड़ दिया. नाराज़ महिलाओं ने कहा कि हमारी रोज़ की मजदूरी भी खराब हो गई और रैली में जाने का सपना भी अधूरा रह गया. निर्मला देवी, सोनिया देवी, प्रमिला देवी, रंगीला देवी, राजकुमार मंडल, नागो शर्मा और शिवू शर्मा ने नाराजगी जताई.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
