कोढ़ा विषहरिया पंचायत के रहिका टोला में नाला नहीं रहने के कारण हर वर्ष बरसात के मौसम में गंभीर जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है. बारिश होते ही सड़कों पर पानी जमा हो जाता है. आमजन का आवागमन प्रभावित होता है. ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. लोगों के अनुसार, रहिका टोला की मुख्य सड़क पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है. नाला नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों व घरों के आसपास लंबे समय तक जमा रहता है. सड़कें कीचड़मय हो जाती हैं और लोगों का पैदल चलना भी दूभर हो जाता है. स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. ग्रामीणों का कहना है कि जलजमाव की समस्या केवल आवागमन तक सीमित नहीं है. बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बनती जा रही है. सड़कों पर जमा पानी में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है. मलेरिया, डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी रहती है. कई लोगों ने बताया कि बारिश के बाद इलाके में बुखार और अन्य बीमारियों के मामले बढ़ जाते हैं. रहिका टोला के निवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया है लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है. ग्रामीणों में इस बात को लेकर नाराजगी भी देखी जा रही है. कहा, चुनाव के समय वादे तो किए जाते हैं, लेकिन बाद में उनकी समस्याओं की अनदेखी कर दी जाती है. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाला निर्माण कार्य शुरू कराया जाय. ताकि जलजमाव की समस्या से स्थायी समाधान मिल सके. कहा, यदि समय रहते इस दिशा में कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है. इस संबंध में स्थानीय प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. हालांकि, ग्रामीणों को उम्मीद है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग शीघ्र ही आवश्यक कदम उठायेंगे. बरसात में हर साल उत्पन्न होने वाली इस समस्या से निजात दिलाने के लिए नाला निर्माण अत्यंत आवश्यक हो गया है.
रहिका टोला में नाला के अभाव में जलजमाव से परेशानी
रहिका टोला में नाला के अभाव में जलजमाव से परेशानी
