कटिहार जीविका जिला कार्याल में गुरुवार को जिला स्तरीय मातृ शिशु पोषण सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं शिशु पोषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रोत्साहित करना एवं उनके योगदान को सम्मानित करना था. यह अभियान विगत दिसम्बर 2025 से पूरे जिले में जीविका के ग्राम संगठनों, संकुल स्तरीय संघों एवं प्रखंड स्तरीय संस्थानों के माध्यम से संचालित किया गया. जिसके अंतर्गत स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े मास्टर रिसोर्स पर्सन, सीएनआरपी, सीसी, जीविका मित्र एवं स्वास्थ्य समिति के सदस्यों को उनके उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में विभिन्न प्रखंडों से चयनित श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले प्रखंड परियोजना प्रबंधक में समेली के प्रकाश सिंह, फलका के प्रीति कुमारी, मनिहारी के ब्रजेश कुमार को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए क्रमश: प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया. जबकि एचएन नोडल पर्सन कोटि में हेमा कुमारी सीसी कटिहार, लवली कुमारी सीसी प्राणपुर एवं राजेश कुमार सीसी बलरामपुर को पुरस्कृत किया गया. सीएलएफ एंकर पर्सन कोटि के अंतर्गत रविन्द्र कुमार एसी कदवा, अभिषेक कुमार एसी बरारी एवं अमित कुमार ठाकुर सीसी कोढ़ा को पुरस्कृत किया गया. इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण सुधार में सामुदायिक सहभागिता की महत्ता पर प्रकाश डाला तथा जीविका के प्रयासों की सराहना की. कार्यक्रम के दौरान पोषण संबंधी जागरूकता जीवन के प्रथम 1000 दिवस (गर्भावस्था से लेकर बच्चे के दी वर्ष तक) के महत्व तथा समुदाय आधारित हस्तक्षेपों पर भी चर्चा की गयी. इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य एवं पोषण प्रबंधक शंभु प्रकाश ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे कर्मियों का मनोबल बढ़ता है और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है. अंत में सभी प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया तथा भविष्य में भी मातृ एवं शिशु पोषण के क्षेत्र में निरंतर प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया गया. इस समारोह में जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक इंद्र शेखर इन्दु, जिला स्वास्थ्य एवं पोषण प्रबंधक शंभू प्रकाश, गैर कृषि प्रबंधक नितेश कुमार, संचार प्रबंधक रुपेश कुमार, सामाजिक विकास प्रबंधक अनोज कुमार पोद्दार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.
समारोह में मातृ व शिशु पोषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित
समारोह में मातृ व शिशु पोषण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सम्मानित
