कोढ़ा प्रखंड के सिमरिया चौक से हरिशपुर जाने वाली सड़क के किनारे लगे वृक्षों को अज्ञात चोरों द्वारा भारी नुकसान पहुंचाया गया है. ग्रामीणों के अनुसार, रात्रि के समय यह सड़क बिल्कुल सुनसान हो जाती है. जिसका फायदा उठाकर चोर लगातार पेड़ों की कटाई कर रहे हैं. देर रात भी चोर इस घटना को अंजाम देने में लगे थे. कुछ जागरूक ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए वन विभाग एवं प्रशासन को इसकी सूचना दी. प्रशासनिक टीम घटनास्थल पर पहुंच गयी. अधिकारियों को देखते ही चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गये. वन विभाग के अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया और क्षति का आकलन शुरू किया. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो पेड़-पौधों की कटाई की यह सिलसिला पूरे इलाके के पर्यावरण पर बुरा असर डाल देगा. प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि वृक्ष चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द ही कानून के हवाले किया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
