आर्थिक सहायता के लिए महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जुड़ना अनिवार्य, डीएम कटिहार स्थानीय विकास भवन के सभागार में रविवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत पोर्टल के माध्यम आवेदन लेने की प्रक्रिया को लेकर जागरूकता कार्यक्रम हुआ. जीविका कटिहार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विधायक विजय सिंह, महापौर उषा देवी अग्रवाल, डिप्टी मेयर मंजुर खान, जिला परिषद अध्यक्ष रश्मि सिंह, डीएम मनेश कुमार सिंह, डीडीसी अमित कुमार, अपर समाहर्ता बिनोद कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका एवं जिला स्तरीय पदाधिकारी ने संयुक्त रूप से जिले में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लिए पोर्टल के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया का शुभारंभ किया. 200 से अधिक जीविका दीदी शामिल हुई. कुल सात प्रचार वाहन प्रखंडों में भेजे गये है. डीएम ने बताया कि रविवार से सात प्रखंडों के जीविका द्वारा गठित ग्राम संगठन में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना एवं महिला सशक्तिकरण के लिए बिहार सरकार की ओर से चलायी जा रही योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जायेगा. साथ ही महिला संवाद के दौरान महिलाओं द्वारा व्यक्त की गयी आकांक्षाओं के प्रति बिहार सरकार द्वारा मान्य किये गये योजनाओं के बारे में बताया जायेगा. उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन 14 गावों में यह मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना कार्यक्रम का आयोजन प्रचार वाहन से किया जायेगा, जो 22 सितम्बर तक चलेगा और कुल 280 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किया जायेगा. प्रत्येक कार्यक्रम में 200-250 महिलाओं को भाग लेने के लिए जीविका द्वारा आमंत्रित किया जा रहा है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं को रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक मदद देने के लिए मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना की घोषणा की है. जीविका की बैठक में योजना की होगी चर्चा डीएम ने कहा कि सरकार ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत आर्थिक सहायता के लिए महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जुड़ना अनिवार्य कर दिया है. मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार से एक महिला को रोजगार शुरू करने के लिए प्रथम किस्त के तहत 10000 रुपये आर्थिक सहायता दी जायेगी. तत्पश्चात छह महीने के बाद उनकी रोजगार की स्थिति को देखते हुए दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रावधान किया गया है. यह राशि महिलाओं के आधार से लिंक खाते में डीबीटी के माध्यम से भेजा जायेगा. इस कार्य के लिए जीविका की ओर से ग्रामीण स्तर पर गठित महिला ग्राम संगठन के द्वारा रविवार से स्वयं सहायता समूह के दीदियों का बैठक किया जा रहा है. जिसमें ग्राम संगठन की पदधारियों के द्वारा स्वयं सहायता समूह की दीदियों का मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना का आवेदन तैयार कराया जायेगा तथा सभी आवेदनों को एकत्रित कर जीविका के प्रखंड कार्यालय में जमा किया जायेगा. प्रखंड कार्यालय द्वारा राज्य स्तर से उपलब्ध कराये गये एमआईएस पर प्रविष्टि सुनिश्चित करायी जायेगी. विभागीय दिशानिर्देश के आलोक आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जीविका दीदियों के खाते में राशि ट्रांसफर किया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
