– कमोवेश सभी सड़कों पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा, जाम की समस्या लगातार हो रही उत्पन्न – पांच मिनट का सफर आधे घंटे में होती है पूरी,आमजन परेशान कटिहार शहरी क्षेत्र की सड़कों पर कब्जा जमाये अतिक्रमणकारियों पर नगर प्रशासन की ओर से समय दर समय कार्रवाई महज खानापूर्ति साबित हो रही है. लगभग सभी सड़कों पर अतिक्रमणकारियों का कब्जा रहने से शहर में जाम की समस्या लगातार उत्पन्न हो रही है. कभी कभार कई सड़कों पर जाम इस कदर हो जाती है कि पांच मिनट का सफर आधे घंटे में पूरी हो पाती है. इससे आमजनों से लेकर मरीज व उनके परिजनों के साथ-साथ महाविद्यालय पहुंचने वाले को अक्सर इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है. आरसीडी विभाग की ओर से भले ही न्यू मार्केट की सड़क को साठ फीट चौड़ीकरण की गयी है. लेकिन इस पर सुचारू रूप से आवागमन आज भी लोगों के लिए जी का जंंजाल साबित हो रहा है. सुबह से शाम तक सड़क के किनारे कौन पूछे बीचोंबीच सब्जी से लेकर फल की ठेला लगा दिये जाने से महाजाम की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है. निगम प्रशासन की ओर से अतिक्रमणकारियों के अस्थायी रूप से अतिक्रमण हटाओ चलाकर खदेडा जाता है. लेकिन स्थायी कार्रवाई नहीं होने से पुन: सड़कों पर ही अतिक्रमणकारी डेरा जमा ले रहे हैं. निगम की ओर से रामकृष्ण मिशन रोड बनाये जाने के बाद अक्सर पिकअप पाकिंग के रूप में इस्तेमाल किये जाने से उक्त सड़क पर भी जाम की समस्या आम बनी हुई है. आमजनों की माने तो उक्त विद्यालय में आने वाले छात्र छात्राएं व उनके अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है. हर हमेशा पिकअप चालकों से तू- तू मैं- मैं की स्थिति बन जाने से अभिभावकों में भय का माहौल रहता है. खासकर छात्राओं को लेकर उनके अभिभावकों को काफी चिंता सताते रहती है. यही हाल कमोवेश एमजी रोड की है. जहां सड़क के किनारे बाइक व कार लगाकर खरीदारी करने पहुंचने वाले की वजह से जाम की समस्या से आमलोगों को परेशान होना पडता है. बड़ा बाजार, शिवमंदिर चौक व विनोदपुर में भी अतिक्रमणकारियों का कब्जा रहने से हर हमेशा जाम के झाम से लोगों को जूझना पड़ता है. पार्किंग की नहीं है स्थायी व्यवस्था, लोग हो जाते हैं परेशान आमजनों की माने तो निगम की ओर से अब तक कहीं भी स्थायी पार्किंग की व्यवस्था नहीं रहने से आये दिन सड़कों पर जाम की झाम से परेशान होते हैं. पुराना बस स्टेंड एकमात्र ऑटो के लिए अस्थायी स्टैंड दिया गया है. जहां से सभी चारों दिशाओं के लिए ऑटो का परिचालन होता है. बाजार करने वाले लोगों को वापस पुन: इसी जगह आना होता है. लेकिन टोटो वालों का यहां अतिक्रमण होने की वजह से उनलोगों को काफी परेशान होना पड़ता है. कई राहगिरों का कहना है कि शहर में स्थायी पाकिंग स्थल बन जाने से शहर में जाम की समस्या से कुछ हद तक मुक्ति मिल सकती है. इससे समय रहते खरीदार खरीदारी कर अपने अपने घर सुरक्षा के बीच जा सकते हैं. समय पर चलाया जाता है अतिक्रमण हटाओ अभियान समय पर शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाता है. इस दौरान सड़क किनारे दुकानदारी कर रहे दुकानदारों को खाली कराया जाता है. कुछ हठी दुकानदार हैं जिन्हें हटाने के बाद पुन: अपना डेरा जमा लेते हैं. इनलोगों को चिन्हित कर नोटिस भी तामिला कराया गया है. अतिक्रमण खाली कराने के दौरान पुलिस प्रशासन की निगरानी में जुर्माना भी वसूल की जाती है. अतिक्रमणकारियों के विरूद्ध अभियान चलाकर सड़क खाली कराया जायेगा. संतोष कुमार, नगर आयुक्त, कटिहार
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
