नवरात्र : दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
कटिहार. जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को नवरात्रि के दूसरे दिन श्रद्धालुओं ने मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की. श्रद्धालु घर, मंदिर आदि में परंपरागत व उत्साह के साथ मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना में तल्लीन रहे. शाम में आरती में भी बड़ी संख्या में लोग जुटे. नवरात्र के दूसरे दिन मां दुर्गा के दूसरे रूप मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की गयी. ब्रह्म का मतलब तपस्या और चारिणी मतलब आचरण करना होता है. मान्यता के अनुसार मां ब्रह्मचारिणी ने भगवान शिव को पति के रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी. यही वजह है कि उनका नाम ब्रह्मचारिणी पड़ा. मां ब्रह्मचारिणी के दाएं हाथ में माला है और देवी ने बाएं हाथ में कमंडल धारण किया है. बुधवार को नवरात्र के तीसरे दिन मां दुर्गा के तीसरे रूप यानी मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना की जायेगी. दूसरी तरफ शहरी क्षेत्रों में पंडालों का निर्माण व पूजा-अर्चना हो रही है. लोग मंदिर व अपने घरों में ही पूजा-अर्चना कर रहे हैं. इस बीच मां दुर्गा की प्रतिमा को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है. मेला व सांस्कृतिक गतिविधियों की तैयारी भी जोर-शोर से चल रही है. इस बीच धीरे-धीरे शहरों में रौनक बढ़ने लगी है. लोग खरीदारी के लिए घर से बाहर निकलने लगे हैं.आज होगी मां चंद्रघंटा की पूजा
नवरात्र में तीसरे दिन बुधवार को मां दुर्गा के तीसरे रूप मां चंद्रघंटा की पूजा-अर्चना की जायेगी. बताया जाता है कि इसी देवी की कृपा से साधक को अलौकिक वस्तुओं के दर्शन होते हैं. दिव्य सुगंधियों का अनुभव होता है और कई तरह की ध्वनियां सुनायी देने लगती है. देवी का यह स्वरूप परम शांतिदायक और कल्याणकारी है. इस देवी के मस्तक पर घंटे के आकार का आधा चंद्र है. इसीलिए इस देवी को चंद्रघंटा कहा गया है. इनके शरीर का रंग सोने के समान बहुत चमकीला है. इस देवी के 10 हाथ हैं. वे खडग और अन्य अस्त्र-शस्त्र से विभूषित हैं.खरीदारी को लेकर बाजारों में बढ़ने लगी भीड़
इस बीच शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में मंगलवार को भी चहल-पहल रही. लोग खरीदारी के लिए बाजार पहुंचे. दुर्गा पूजा को लेकर मार्केट की रौनक बढ़ गयी है. दुर्गा पूजा में नये परिधानों के पहनने के प्रचलन की वजह से लोग नये कपड़े खरीदते हैं. जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में खरीददारी को लेकर भीड़ उमड़ने लगी है. खासकर रेडीमेड वस्त्रों की दुकानों पर युवाओं की अधिक भीड़ देखी जा रही है. खरीदारी को लेकर भीड़ जुटने से शहर की चहल-पहल भी बढ़ गयी है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
